PSL 2026: शुरू होने से पहले रद्द हो जाएगी पाकिस्तान सुपर लीग? इन दो घातक टीमों के बीच होना है पहला मैच
Pakistan Super League 11: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 11) के फैंस के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आ रही है। जहां एक तरफ 26 मार्च 2026 से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट की तैयारियां जोरों पर थीं, वहीं पाकिस्तान में गहराते आर्थिक और ईंधन संकट ने इसके आयोजन पर सवालिया निशान लगा दिया है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आए अचानक उछाल ने शहबाज सरकार को 'फ्यूल लॉकडाउन' जैसे कड़े कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है, जिसका सीधा असर अब क्रिकेट के मैदान पर पड़ता दिख रहा है। आइए जानतें हैं इस संकट का PSL पर क्या असर पड़ेगा?

पाकिस्तान में गहराता ईंधन संकट
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें $107 प्रति बैरल के पार पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देश में आपातकालीन कदमों का ऐलान किया है। सरकार ने ईंधन की खपत कम करने के लिए देशभर के सभी स्कूलों को अगले दो हफ्तों के लिए पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया है, जबकि उच्च शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन मोड पर शिफ्ट कर दिया गया है।
इसके अलावा, सरकारी खर्च घटाने के लिए अब दफ्तर हफ्ते में केवल 4 दिन खुलेंगे और 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क-फ्रॉम-होम पर भेज दिया गया है। आर्थिक बोझ कम करने के लिए बड़े अधिकारियों की सैलरी में कटौती के साथ-साथ मंत्रियों के तेल कोटे को भी सीमित कर दिया गया है।
PSL 2026 के आयोजन पर अनिश्चितता के बादल
पाकिस्तान सुपर लीग का 11वां सीजन इस बार 28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल के साथ सीधी टक्कर लेने वाला था। हालांकि, पंजाब प्रांत में 31 मार्च तक शिक्षण संस्थान बंद होने और कड़े यातायात नियमों के कारण स्टेडियमों में फैंस की एंट्री और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी (PCB) अब शेड्यूल को आगे बढ़ाने या मैचों को अन्य शहरों में शिफ्ट करने पर विचार कर रहा है। चूंकि टूर्नामेंट का शुरुआती हिस्सा मार्च के अंत में है और उसी समय पाकिस्तान में सख्त पाबंदियां लागू हैं, ऐसे में लॉजिस्टिक मुद्दों और भारी सुरक्षा काफिले के लिए जरूरी ईंधन का प्रबंधन करना बोर्ड के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
शुरू होने से पहले रद्द हो जाएगा पाकिस्तान सुपर लीग?
हालांकि, क्रिकेट फैंस के मन में एक सवाल ये भी है कि क्या ऐसी स्थिति में पीएसएल रद्द हो सकता है? तो बता दें कि ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। और पीएसएल के शेड्यूल में बदलाव हो सकता है लेकिन रद्द होने की कोई संभावना नहीं है।
PSL 2026: टूर्नामेंट का नया फॉर्मेट और संभावित शेड्यूल
अगर परिस्थितियों में सुधार होता है और टूर्नामेंट समय पर शुरू होता है, तो पीएसएल का यह सीजन 26 मार्च से 3 मई तक चलेगा। इस बार टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन लाहौर कलंदर्स का मुकाबला पहली बार खेल रही हैदराबाद ह्यूस्टन किंग्समेन से होगा।
पहले राउंड में सभी टीमें 7-7 मैच खेलेंगी
नए फॉर्मेट के तहत पहले राउंड में सभी टीमें 7-7 मैच खेलेंगी, जिसके बाद टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इन ग्रुप मैचों के बाद प्लेऑफ का दौर शुरू होगा, जिसका फाइनल मुकाबला 3 मई को लाहौर के ऐतिहासिक गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाना तय किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications