World Cup में ऑनलाइन सट्टा लगा रहे तीन सटोरियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद
ICC World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के हर नए मुकाबले के साथ टूर्नामेंट और अधिक रोमांचक होता जा रहा है। हालांकि, ये उत्साह अभी और बढ़ेगा, क्योंकि विश्व कप में नॉकआउट समेत कुल 48 मैच खेले जाएंगे, लेकिन कुछ सट्टेबाज इस खेल की आड़ में सट्टा लगाकर अवैध कमाई कर रहे हैं। ताजा मामला गोवा का है, जहां पुलिस ने तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है।
सट्टा लगाने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
गोवा पुलिस ने मौजूदा विश्व कप के भारत-अफगानिस्तान क्रिकेट मैच पर कथित रूप से सट्टा लगाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज्य की राजधानी पणजी के बाहरी इलाके में पोरवोरिम इलाके में एक बंगले में अवैध गतिविधि चल रही थी।

कर्नाटक के रहने वाले हैं सभी आरोपी
उन्होंने बताया कि पोरवोरिम पुलिस ने बुधवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया, ये सभी कर्नाटक के रहने वाले हैं और उनकी उम्र 32 से 46 साल के बीच है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी व्यक्तियों के पास से एक लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, वाई-फाई राउटर और अन्य सामान बरामद किया है।
उन्होंने कहा कि, 'आरोपियों को गोवा, दमन और दीव सार्वजनिक जुआ अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। भारत ने बुधवार को नई दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे विश्व कप मैच आठ विकेट से जीत लिया।
वहीं सट्टेबाजी का दूसरा मामला उत्तर प्रदेश के आगरा से सामने आया है। जहां ताजगंज पुलिस ने बुधवार को वर्ल्ड कप के मैच में ऑनलाइन सट्टा लगा रहे पांच सटोरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सटोरियों के पास से करीब 6800 सौ रुपये, कार, 8 मोबाइल फोन, टैबलेट समेत सामान बरामद किया गया।












Click it and Unblock the Notifications