IND vs PAK: 'दोनों खेलने के लिए तैयार हैं...,' भारत बनाम पाकिस्तान सीरीज पर PCB चीफ जका अशरफ ने दिया बड़ा बयान
India vs Pakistan Series: भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज 2012 में खेली गई थी, जब पाकिस्तानी टीम भारत दौरे पर आई थी। इसके बाद देशों के बीच राजनीतिक तनाव के चलते फिर कभी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई। तब से दो कट्टर प्रतिद्वंद्वियों ने केवल आईसीसी और महाद्वीपीय आयोजनों में एक-दूसरे का सामना किया है। इस बीच पीसीबी चीफ ने एक बड़ा बयान दिया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाले मुकाबला एक ऐसा मैच है जो दोनों देशों के क्रिकेट फैंश के लिए खास महत्व रखता है। जब भी भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान क्रिकेट टीम से भिड़ती है, तो स्टेडियम पूरी तरह से भर जाता है और चारों ओर सिर्फ दर्शक ही दर्शक नजर आते हैं।

PCB चीफ जका अशरफ ने दिया बड़ा बयान
इन सबके बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन जका अशरफ ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिलचस्प बयान दिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pcb.com.pk ने जका अशरफ के हवाले से कहा, 'जहां तक भारत-पाकिस्तान सीरीज का सवाल है, जब तक सरकार की मंजूरी है, दोनों बोर्ड एक-दूसरे के साथ खेलने के लिए तैयार हैं।' हालांकि, इस बयान के बाद बीसीसीआई की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
दरअसल, सितंबर 2023 में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पहले फैसला किया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट की द्विपक्षीय श्रृंखला तब तक नहीं होगी जब तक पाकिस्तान 'आतंकवाद' को समाप्त नहीं कर देता।
अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, 'बीसीसीआई ने बहुत पहले ही फैसला कर लिया था कि हम पाकिस्तान के साथ तब तक द्विपक्षीय मैच नहीं खेलेंगे जब तक वे आतंकवाद, सीमा पार हमलों और घुसपैठ को खत्म नहीं कर देते। मुझे लगता है कि देश और जनता की भावनाएं भी वही हैं।'
भारत ने हाल ही में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वनडे क्रिकेट विश्व कप 2023 में पाकिस्तान से खेला। भारत ने यह मैच सात विकेट से जीत लिया। दोनों टीमें अगली बार 9 जून को न्यूयॉर्क में 2024 टी20 विश्व कप 2024 में एक-दूसरे से भिड़ेंगी।












Click it and Unblock the Notifications