पाकिस्तानी स्पोर्ट्स एंकर जैनब अब्बास ने बताया भारत छोड़ने का कारण, माफी के साथ अफवाहों पर किया बड़ा खुलासा
World Cup 2023, Zainab Abbas: पाकिस्तानी खेल प्रेजेंटर जैनब अब्बास का हाल ही में भारत से अचानक जाना सुर्खियों में बना हुआ है। इस बीच अब्बास ने अपने जाने के कारणों के बारे में स्पष्टीकरण जारी किया है। वह भारत में चल रहे विश्व कप के लिए आधिकारिक प्रसारण टीम का हिस्सा थीं। जैनब ने हैदराबाद में नीदरलैंड के खिलाफ पाकिस्तान के शुरुआती मैच के दौरान भी काम किया था।
तब कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि एक स्थानीय वकील द्वारा दिल्ली में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें भारत से चले जाने के लिए कहा गया था। पाकिस्तानी रिपोर्टर पर पिछले दिनों 'अपमानजनक' भारत विरोधी ट्वीट पोस्ट करने का आरोप लगाया गया था। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बाद में बताया कि जैनब अब्बास ने निजी कारणों से भारत छोड़ दिया है।

इस पूरे मामले को लेकर जैनब अब्बास ने आखिरकार गुरुवार (12 अक्टूबर) को अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इस मामले पर अपने आधिकारिक बयान के साथ सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि, 'मैंने यात्रा करने और अपने पसंदीदा खेल को प्रस्तुत करने के अवसरों के लिए हमेशा खुद को बेहद भाग्यशाली और आभारी महसूस किया है।
जैनब अब्बास ने खुलासा किया कि भारत में उनका दौरा सुखद था और उन्होंने बताया कि उन्हें देश छोड़ने के लिए नहीं कहा गया था और न ही देश से बाहर निकाला गया था। जैनब ने कहा कि उन्होंने अपने दोस्तों और परिवार से परामर्श करने के बाद जाने का निर्णय लिया, क्योंकि वह अपने पिछले ऑनलाइन पोस्ट पर प्रतिक्रियाओं से भयभीत और डरी हुई थीं।
जैनब अब्बास ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखे नोट में अपनी पुराने पोस्ट के लिए माफी भी मांगी है। उन्होंने लिखा, मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि वे (पुराने पोस्ट) मेरे मूल्यों या मैं आज जो व्यक्ति हूं उसके बारे में नहीं बताते है। ऐसी भाषा के लिए कोई बहाना या जगह नहीं है और जो भी आहत हुए हैं मैं उन सभी से तहे दिल से माफी मांगती हूं।
उन्होंने कहा कि, 'भले ही मेरी सुरक्षा को तत्काल कोई खतरा नहीं था, मेरा परिवार और सीमा के दोनों ओर के दोस्त चिंतित थे। जो कुछ हुआ था उस पर विचार करने के लिए मुझे समय की आवश्यकता थी।' इसके साथ ही उन्होंने लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी भी मांगी।'












Click it and Unblock the Notifications