PAK vs ENG: जो रूट ने 35वां टेस्ट शतक जड़कर रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले बल्लेबाज
Pakistan vs England, 1st Test Joe Root: मुल्तान में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का शुरुआती मैच रोमंचक मोड़ पर पहुंच चुका है। इस मुकाबले के दौरान इंग्लैंड के बेहतरीन बल्लेबाज जो रूट ने क्रिकेट इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। जो रूट विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 5,000 रन पार करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पिछले कुछ समय से जो रूट के बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं।
जो रूट ने रचा इतिहास
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 59 मैचों में जो रूट ने 5000 से अधिक रन बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जो रूट ऐसा कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज हैं। जो रूट के बाद ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। मार्नस लाबुशेन ने 45 मैचों में 52.05 की औसत से 3,904 रन बनाए हैं। एक अन्य ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्टीव स्मिथ अब तक खेले गए मैचों में 50.52 की औसत से 3,486 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं।

पाकिस्तान में जड़ा पहला शतक
इस मैच में रूट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 167 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने सात चौके भी लगाए। यह रूट के टेस्ट करियर का 35वां शतक है। वहीं पाकिस्तान की सरजमीं पर जो रूट के बल्ले से निकलने वाला यह पहला शतक है। इस शतक के साथ ही इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज जो रूट बन गए हैं।
रूट ने एलिस्टेयर कुक के रिकॉर्ड को पछाड़ा
पूर्व इंग्लिश कप्तान एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़कर जो रूट ने नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। एलिस्टेयर कुक ने इंग्लैंड के लिए 161 टेस्ट की 291 पारियों में 45.35 की औसत से 12,472 रन बनाए थे। लेकिन जो रूट ने अब महज 147 टेस्ट की 268 पारियों में ही एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़ दिया है। सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, जैक्स कैलिस और राहुल द्रविड़ के बाद टेस्ट में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में जो रूट पांचवें स्थान पर आ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications