पाकिस्तान बनाएगा सऊदी अरब में बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, भारत के खास दोस्त को झटका देने की तैयारी?
पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच मजबूत होते रिश्तों का असर अब खेल के मैदान पर भी दिखने वाला है। पीटीआई (PTI) के अनुसार, सऊदी अरब क्रिकेट महासंघ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच जेद्दा में एक अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम बनाने को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। पीसीबी के गवर्निंग बोर्ड ने इस योजना को हरी झंडी दे दी है और अब जमीन की तलाश के साथ-साथ अंतिम दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर होने का इंतज़ार है।
इस प्रोजेक्ट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी खुद सऊदी क्रिकेट अधिकारियों के साथ लगातार चर्चा कर रहे हैं। पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक स्टेडियम के विकास के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) पहले ही जमा किया जा चुका है।

पाकिस्तान की क्या है रणनीति?
इस प्रस्तावित स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फ्लडलाइट्स और दर्शकों के बैठने की विश्व स्तरीय व्यवस्था होगी, ताकि यहां बड़े टूर्नामेंट आयोजित किए जा सकें। पीसीबी की इस पहल के पीछे एक बड़ी रणनीति छिपी है। बोर्ड का मुख्य उद्देश्य सऊदी अरब में क्रिकेट को बढ़ावा देने के साथ-साथ वहां पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के कुछ मैचों का आयोजन करना है।
सऊदी अरब में पाकिस्तान और अन्य दक्षिण एशियाई देशों के प्रवासियों की एक बहुत बड़ी तादाद रहती है। पीसीबी का मानना है कि वहां पीएसएल आयोजित करने से न केवल लीग को नया बाजार मिलेगा, बल्कि प्रशंसकों की भारी भीड़ भी जुटेगी।
सऊदी अरब की अपनी टी20 लीग की योजना
क्रिकेट की दुनिया में तेल समृद्ध सऊदी अरब अपनी धाक जमाने के लिए काफी उत्सुक है। रिपोर्ट्स के अनुसार सऊदी अधिकारियों ने अपनी खुद की एक टी20 लीग शुरू करने की योजना पर भी पीसीबी से चर्चा की है। सऊदी अरब अब केवल निवेश तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि वह मध्य पूर्व में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की तरह ही क्रिकेट का एक बड़ा केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।
यूएई के विकल्प के रूप में उभरता सऊदी अरब
अभी तक मध्य पूर्व में क्रिकेट का मुख्य केंद्र संयुक्त अरब अमीरात रहा है, जहां दुबई, अबू धाबी और शारजाह जैसे मैदानों पर एशिया कप से लेकर आईपीएल और वर्ल्ड कप तक के आयोजन होते रहे हैं। साल 2010 से 2019 के बीच पाकिस्तान ने भी अपने अधिकांश घरेलू मैच यूएई में ही खेले थे। हालांकि, अब पीसीबी सऊदी अरब के साथ मिलकर एक नया विकल्प तैयार कर रहा है, जो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के समीकरण बदल सकता है। भारत और यूएई की अच्छी दोस्ती है, उसे देखते हुए कह सकते हैं कि सऊदी अरब के जरिए पाकिस्तान अब यूएई को भी मात देने के मूड में है।












Click it and Unblock the Notifications