‘पहले दौर में ही बाहर हो जाएगी टीम’, T20 WC में पाकिस्तान को लेकर शोएब अख्तर ने की बड़ी भविष्यवाणी
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर: इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 7 मैचों की टी20 सीरीज 4-3 से जीतकर अपने नाम की। आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान के पास इस सीरीज के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता करने का बढ़िया मौका था, लेकिन टीम के मिडिल ऑर्डर ने खासा निराश किया। इसी बीच पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने विश्व कप में पाक टीम को प्रदर्शन को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी कर दी है।
Recommended Video

अख्तर ने ये क्या बोल दिया
रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर का ऐसा कहना है कि टी20 वर्ल्ड कप में बाबर एंड कंपनी टूर्नामेंट के पहले ही दौर से बाहर हो सकती है। पूर्व पेसर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "पाकिस्तान का मध्यक्रम ठीक नहीं है। टीम के पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज अगर प्रदर्शन नहीं करते हैं, तो मध्यक्रम भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकता है। यदि आप विश्व कप जीतना चाहते हैं तो विश्व कप में जाने का यह तरीका नहीं है। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है कि मुझे डर है कि पाकिस्तान की यह टीम पहले दौर में ही विश्व कप से बाहर हो सकती है।"

टीम की हालत बहुत खराब
अख्तर ने आगे कहा, "मैंने मध्यक्रम और बल्लेबाजी क्रम को ठीक करने के लिए हेड कोच सकलैन मुश्ताक और अन्य की आलोचना भी की थी, लेकिन वह किसी भी तरह सुन नहीं रहे हैं। उम्मीद है कि पाकिस्तान विश्व कप में अच्छी वापसी करे, लेकिन ये देखकर बहुत दुख होता है कि पाकिस्तान अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है। यह निराशाजनक है। जब टीम हारती है तो उन्हें अच्छा नहीं लगता। पाकिस्तान की हालत अब बेहद खराब है। यहां से पाकिस्तान और टीम मैनेजमेंट के लिए चीजें आसान नहीं हैं।"

भारत के ग्रुप में मिली जगह
विश्व कप में पाकिस्तान टीम को ग्रुप-2 में भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश जैसी टीमों के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को चिर प्रतिद्वंदी टीम इंडिया के खिलाफ मेलबर्न के मैदान पर खेलेगी। पिछले साल खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में पाक टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। लेकिन हाल फिलहाल के समय में कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को छोड़ कोई अन्य बल्लेबाज टीम के लिए रन नहीं बना पा रहा है, जो टीम के लिए वाकई में चिंता का एक बड़ा कारण है।

वर्ल्ड कप के लिए पाक टीम
बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), आसिफ अली, हैदर अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी, शान मसूद, उस्मान कादिर।












Click it and Unblock the Notifications