रो-रोकर जीता पाकिस्तान, डच टीम के खिलाफ 207 रन बचाना हुआ मुश्किल
रविवार को पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। मुकाबला इतना रोमांचक था कि बाबर आजम की कप्तानी वाली पाक टीम के लिए नीदरलैंड के सामने 207 रन डिफेंड करना मुश्किल हो गया।
नई दिल्ली, 22 अगस्त: रविवार को पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। मुकाबला इतना रोमांचक था कि बाबर आजम की कप्तानी वाली पाक टीम के लिए नीदरलैंड के सामने 207 रन डिफेंड करना मुश्किल हो गया। पाकिस्तान ने मेजबान टीम को तीसरे और आखिरी वनडे में जीत के लिए सिर्फ 207 रन का टारगेट दिया था, जिसके जवाब में टीम आखिरी ओवर तक लड़ी लेकिन 197 के स्कोर पर ऑल-आउट हो गई। पाक ने करीबी मैच में 9 रन से जीत दर्ज की।

जीत सकता था नीदरलैंड
टारगेट का पीछा करते हुए नीदरलैंड का स्कोर एक समय 172-6 था। टीम के हाथ में 4 विकेट थे और जीत के लिए 31 गेंदों पर 35 रन की दरकार थी। देखते ही देखते पाक ने सातवां, आठवां और नौवां विकेट लेकर मुकाबले को और रोमांचक बना दिया। नीदरलैंड का 9वां विकेट 191 के स्कोर पर गिरा। अब टीम को 9 गेंदों पर 16 रन चाहिए थे। मैच का नतीजा दोनों में से किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता था। आखिरी ओवर में नीदरलैंड को 14 रन चाहिए थे।

आर्यन नहीं कर सके कमाल
पहली ही गेंद पर आर्यन दत्त ने मोहम्मद वसीम जूनियर की गेंद पर चौका लगाया और पाक खेमे में खलबली मचा दी। हालांकि, वसीम ने अगली ही गेंद पर आर्यन को बोल्ड कर पाकिस्तान को जीत दिलाई। 19 वर्षीय आर्यन नीदरलैंड को जीत भले ही ना दिला पाए हो, लेकिन पूरी टीम ने आखिरी दम तक पाकिस्तान की नींदें उड़ाकर रखी। ओपनर विक्रमजीत सिंह ने (50) और टॉम कॉपर ने 62 रन की पारी खेली।
बता दें कि नीदरलैंड की टीम को डच टीम के नाम से भी जाना जाता है। पाक की जीत में नसीम शाह ने 5 और मोहम्मद वसीम जूनियर ने 4 विकेट हासिल किए।

शतक से चूके बाबर
इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन बनाए थे। पूरी टीम 49.4 ओवर के खेल में ही ऑल-आउट हो गई। कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 125 गेंदों पर 91 रन बनाए। पिछली 10 वनडे पारियों में उनका ये 9वां 50 या उससे ज्यादा का स्कोर रहा। नीदरलैंड की ओर से बस दे लीडे ने 3 विकेट हासिल किए।
नीदरलैंड ने सिर्फ तीसरी बार किसी टेस्ट प्लेइंग नेशन टीम को ऑल-आउट किया। अगर टीम 207 रन भी चेज कर लेती तो यह वाकई में डच टीम के लिए एक यादगार लम्हा होगा। 9 रन से मिली जीत के साथ ही पाकिस्तान ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से कब्जा जमाया।












Click it and Unblock the Notifications