PAK vs NZ: सुपर-8 के पहले मुकाबले में बारिश का साया? पाकिस्तान की बढ़ी टेंशन! मैच धुला तो किसे होगा फायदा
PAK vs NZ Weather: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का आगाज शनिवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से होना है। हालांकि, आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस मैच पर कोलंबो के अनिश्चित मौसम का साया मंडरा रहा है। शुक्रवार को मैच से पहले हुई भारी बारिश के बाद अब शनिवार को मैच के दिन भी मौसम विभाग ने खलल पड़ने की आशंका जताई है।
बारिश बिगाड़ सकती है खेल (PAK vs NZ Weather)
शुक्रवार को लगातार हुई बारिश के कारण पाकिस्तान क्रिकेट टीम को अपना अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा था। शनिवार के लिए भी पूर्वानुमान उत्साहजनक नहीं हैं। 'एक्यूवेदर' के अनुसार, स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच बारिश की 50% से अधिक संभावना है। वहीं, गूगल वेदर प्रेडिक्शन के मुताबिक शाम 7 बजे के आसपास गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, जिससे न केवल खेल की शुरुआत बल्कि टॉस में भी देरी होने की पूरी आशंका है।

बारिश होने पर क्या होगा?
रात 8 बजे के बाद भी आसमान में घने बादल छाए रहने का अनुमान है, जिसका अर्थ है कि अगर मैच शुरू भी होता है, तो बार-बार होने वाले व्यवधानों के कारण डकवर्थ-लुईस (DLS) पद्धति की भूमिका अहम हो जाएगी। पाकिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है। अगर बारिश के कारण मैच धुल जाता है, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक शेयर करना होगा। सुपर-8 जैसे छोटे और कड़े राउंड में अंक गंवाना किसी भी टीम के लिए जोखिम भरा होता है।
बढ़ सकती है पाकिस्तान की मुश्किलें
एक अंक मिलने की स्थिति में पाकिस्तान के अगले दोनों मैच 'करो या मरो' वाले हो जाएंगे। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए उन्हें शेष दोनों मैचों में जीत दर्ज करनी होगी। यदि पाकिस्तान अपना एक भी अगला मैच हार जाता है तो वह अधिकतम 3 अंकों तक ही पहुंच पाएगा। वहीं, इस ग्रुप की अन्य टीमें दो जीत दर्ज कर 4 अंकों के साथ आसानी से सेमीफाइनल में जगह बना सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications