PAK vs NZ: पाकिस्तान पर मंडराया हार का संकट, 319 के लक्ष्य का पीछा करते हुए आधी टीम लौटी पवेलियन
कराची में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी 277 पर घोषित कर दी थी, जिसके बाद पाकिस्तान को जीत के लिए 319 रन का लक्ष्य मिला। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान की टीम हार की कगार पर पहुंच गई है। मैच के आखिरी दिन दूसरी पारी में 319 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। लंच के समय तक पाकिस्तान का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 125 रन है। क्रीज पर अनुभवी सरफराज अहमद (29) और साउद शकील 16 रन बनाकर टिके हुए हैं। वहीं जीत के लिए पाकिस्तान को अभी भी 194 रन चाहिए। वहीं न्यूजीलैंड को जीत के लिए 5 विकेट की जरूरत है।
पाकिस्तान को 0 पर ही लग गए थे दो बड़े झटके
319 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की दूसरी पारी में शुरुआत बेहद खराब रही और उसके दो बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। ओपनर अब्दुल्ला शफीक 2 गेंदों का सामना करने के बाद शून्य पर ही टिम साउदी का शिकार बने, जबकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मीर हमजा को 0 पर ही ईश सोढ़ी ने क्लीन बोल्ड किया। पाकिस्तान को यह दो बड़े झटके 0 के स्कोर पर ही लग गए थे। पाकिस्तान को तीसरा झटका भी सिर्फ 35 के स्कोर पर लग गया, जब इमाम उल हक सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। इमाम ने पहली पारी में 83 रन बनाए थे। इमाम के बाद बाबर आजम (27) और शान मसूद (35) रन बनाकर आउट हो गए।
न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी की थी घोषित
आपको बता दें कि न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी 277 के स्कोर पर घोषित कर दी थी। हालांकि न्यूजीलैंड की शुरुआत भी खराब रही थी, लेकिन टॉम ब्लंडेल और माइकल ब्रेसवेल के अर्द्धशतक की बदौलत टीम ने 270 के आंकड़े को पार कर लिया। 277 पर टिम साउदी ने पारी को घोषित कर दिया। पहली पारी में 41 रन की बढ़त के साथ न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 319 रन का लक्ष्य रख दिया। न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में सभी पाकिस्तानी गेंदबाजों को 1-1 विकेट मिला था।












Click it and Unblock the Notifications