PAK vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान को मिली शर्मनाक हार, बाबर ने की सेल्फिश बल्लेबाजी
Pakistan vs New Zealand, 2nd ODI: न्यूजीलैंड को सीरीज के पहले वनडे में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन दूसरे मैच में टीम ने दमदार वापसी की है।

Pakistan vs New Zealand, 2nd ODI: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची में दूसरे वनडे मैच खेला गया। इस मैच को न्यूजीलैंड ने 79 रनों से जीतकर सीरीज में बराबरी कर ली है। बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान की टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। इस हार के लिए पाकिस्तानी बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। खासतौर पर कप्तान बाबर आजम की बल्लेबाजी पर फैंस लगातार सवाल उठा रहे हैं।

बाबर आजम ने बनाए 79 रन
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टीम के लिए सबसे अधिक 79 रनों की पारी खेली। 114 गेंदों में 79 रनों की पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। कराची वनडे में न्यूजीलैंड की टीम ने 261 रन बनाए। 262 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम 43 ओवर में सिर्फ 182 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। न्यूजीलैंड के सभी गेंदबाजों ने इस मुकाबले में विकेट चटकाए।

पाकिस्तानी बल्लेबाजों का फ्लॉप प्रदर्शन
पाकिस्तान की बल्लेबाजी न्यूजीलैंड के सामने पूरी तरह फ्लॉप साबित रही। फखर जमान बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इमाम उल हक के बल्ले से सिर्फ 6 रन निकले। मोहम्मद रिजवान ने 50 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली। हारिस सोहेल ने 10 तो वहीं आगा सलमान ने 25 रन बनाए। जबकि मोहम्मद नवाज सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउथी और ईश सोढ़ी ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

बाबर आजम ने खेली सेल्फिश पारी
इस हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की बल्लेबाजी पर सवाल उठ रहे हैं। फैंस लगातार सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। दरअसल, पारी की शुरुआत में ही बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने काफी धमी बल्लेबाजी कर पाकिस्तान को मैच से दूर कर दिया था। 20 ओवर में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 64 रन ही बना सकी थी। जिसके बाद उनके लिए वापसी करना बेहद मुश्किल हो गया।












Click it and Unblock the Notifications