20 रन जोड़कर ताश के पत्तों की तरह ढेर हुआ पाकिस्तान, पैट कमिंस ने बनाया नया रिकॉर्ड
लाहौर, 24 मार्च: पैट कमिंस और सीनियर तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने पाकिस्तान के खिलाफ लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन ऐसा कहर बरपाया की मजबूत स्कोर की ओर बढ़ रही पाकिस्तान की टीम कुछ ही मिनटों के भीतर ताश के पत्तों की तरह ढह गई और ऑस्ट्रेलिया की टीम को पहली पारी के आधार पर एक बड़ी बढ़त मिल गई है। पाकिस्तान की टीम ने केवल 20 रनों के अंतराल पर ही अपने 7 विकेट गंवा दिए क्योंकि स्टार्क और कमिंस ने तीसरे दिन की समाप्ति पर रिवर्स स्विंग का ऐसा कहर बरपाया कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों के पास इसका कोई जवाब नहीं था।

कमिंस ने टेस्ट करियर में सातवीं बार पांच विकेट हासिल किए हैं
कप्तान कमिंस ने इतनी सटीक लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की जिससे यह टेस्ट मैच देखने लायक बन गया। कमिंस ने टेस्ट करियर में सातवीं बार पांच विकेट हासिल किए हैं जबकि मिशेल स्टार्क बाएं हाथ की तूफानी गेंदबाजी में रिवर्स स्विंग के जरिए पाकिस्तान को परेशान करने में कामयाब रहे और यह टीम केवल 268 रनों पर ढेर हो गई जबकि ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले पहली पारी में 391 रनों का स्कोर खड़ा किया था। पाकिस्तान की टीम एक समय 3 विकेट के नुकसान पर 248 रन बनाकर खेल रही थी लेकिन बाद में यह 20 रन और जोड़कर ऑल आउट हो गई।

वीनू मांकड का 1955 में बनाया रिकॉर्ड तोड़ दिया
इसके बाद आस्ट्रेलिया की टीम ने 3 ओवर में 11 रन बिना किसी नुकसान के बना लिए थे उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर क्रीज पर थे। इसके साथ ही आस्ट्रेलिया की लीड 134 रनों की हो गई है। पैट कमिंस को मंगलवार को केवल एक ही विकेट मिला था लेकिन बाद में वह पाकिस्तान के निचले क्रम के बल्लेबाजों के लिए यमदूत साबित हुए। इसके साथ ही पैटकमिंस ने एक मेहमान टीम के कप्तान के द्वारा की गई बेस्ट गेंदबाजी का रिकॉर्ड भी बना दिया है। पैट कमिंस ने 56 रन देकर पांच विकेट लिए और भारत के महान वीनू मांकड का 1955 में बनाया रिकॉर्ड तोड़ दिया तब उन्होंने 64 रन देकर पांच विकेट लिए थे।

ताश के पत्तों की तरह पाकिस्तान ढेर-
इससे पहले पाकिस्तान की टीम इतनी मजबूत होकर खेल रही थी कि शफीक और अजर अली अपने दमदार शतक ठोक चुके थे पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम भी एक बेहतरीन शतक लगाकर खेल रहे थे उन्होंने आस्ट्रेलिया को पहले सेशन में कोई विकेट नहीं लेने दिया और एक बड़ा स्कोर करने के लिए उचित बुनियाद भी प्रदान की। पैट कमिंस ने कहा है कि अंतिम कुछ घंटे बड़े अविश्वसनीय रहे हैं। अब हम कल बल्लेबाजी करेंगे। यह काफी हद तक पिछले मैच की तरह है जहां हमने अपना सब कुछ दिया और अब यह खेल हमारे सामने हैं। हम उम्मीद करते हैं कि बल्लेबाजी भी ठीक करेंगे और फिर बाकी बचे हुए 10 विकेट लेने की कोशिश करेंगे।

अजहर अली ने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों की सराहना की
इस बीच, पाकिस्तान के बल्लेबाज अजहर अली ने दिन भर की थकान के बाद अंतिम सत्र में विकेट लेने के लिए ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों की सराहना की।
अजहर ने कहा, "मुझे लगता है कि हमें उन्हें श्रेय देना होगा। हम हमेशा से जानते थे कि वे कितने अच्छे हैं, खासकर जब रिवर्स स्विंग की बात आती है तो स्टार्क जबरदस्त हैं। कमिंस एक अच्छे ऑलराउंड गेंदबाज हैं, वह इस समय दुनिया के शीर्ष गेंदबाज हैं।"

सीरीज जीतने के लिए पूरी कोशिश करेगा ऑस्ट्रेलिया-
"वे सही क्षेत्रों में गेंदबाजी करते रहे, वे सेट बल्लेबाजों को भी परेशान करते रहे। अच्छी, तेज, रिवर्स-स्विंग गेंदबाजी देखना अच्छा था। दुर्भाग्य से, हम इसको झेलने वाले छोर पर थे।"
ऑस्ट्रेलिया 2 दशकों से अधिक समय में पाकिस्तान की अपनी पहली जीत के लिए जोर लगाने और श्रृंखला को सील करने की कोशिश करेगा। सीरीज के पहले दो टेस्ट ड्रॉ रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications