PAK vs AUS: बाबर आजम ने जबरदस्त शतक के साथ अमला, कोहली को बहुत पीछे छोड़ा
नई दिल्ली, 1 अप्रैल: टेस्ट मैचों के बाद पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच रोचक वनडे सीरीज जारी है जिसका दूसरा मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया। पाकिस्तान ने 349 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छह विकेट शेष रहते हुए अपने सबसे बड़े सफल रन-चेस के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला को बराबर कर दिया। कप्तान बाबर आजम और इमाम-उल-हक ने शानदार शतक जमाए और पाकिस्तान ने एक ओवर शेष रहते 349-4 के स्कोर से मैच जीत लिया।

सिर्फ 83 गेंदों पर 114 रनों की पारी
जोरदार जीत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान की 10 मैचों की हार का सिलसिला भी तोड़ दिया। इस सीरीज में कई प्रमुख खिलाड़ी गायब हैं और लाहौर में सफेद गेंद वाली टीम के कोविड -19 की चपेट में आने के बाद से केवल 13 फिट खिलाड़ी ही चुनने के लिए रेडी रहे।
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेल के दौरान, पाकिस्तान के कप्तान बाबर ने भी सिर्फ 83 गेंदों पर 114 रनों की पारी खेलकर एक अविश्वसनीय उपलब्धि दर्ज की। यह बाबर का 15वां एकदिवसीय शतक था और इस प्रकार वह इस प्रारूप (83 पारियों) में इस आंकड़े (15 शतक) तक पहुंचने वाले सबसे तेज खिलाड़ी बन गए।

टॉप -5 सबसे तेज 15वें एकदिवसीय शतक वाले खिलाड़ी
पाकिस्तान के कप्तान ने इस उपलब्धि के लिए दक्षिण अफ्रीका के महान हाशिम अमला को पीछे छोड़ दिया है। दाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने अपनी 86वीं पारी में अपना 15वां शतक पूरा किया था।
यहां 15 एकदिवसीय शतक तक पहुंचने वाले टॉप -5 सबसे तेज खिलाड़ियों की सूची दी गई है:
बाबर आजम (पाकिस्तान) - 83 पारियां
हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका) - 86 पारियां
विराट कोहली (भारत) - 106 पारियां
डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया) - 108 पारियां
शिखर धवन (भारत) - 108 पारियां

फिलहाल सीरीज हुई बराबर-
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले गेम में पाकिस्तान को 88 रन की हार मिली थी। तब बाबर की धीमी स्ट्राइक रेट के लिए आलोचना की गई थी। हालांकि, कप्तान ने दूसरे गेम में स्पिनरों और अनुभवहीन तेज गेंदबाजों के खिलाफ मोर्च संभाला और उन्होंने सिर्फ 71 गेंदों पर अपना शतक बनाया।
बाबर ने 45वें ओवर में तब आउट हुए जब पाकिस्तान को जीत के लिए 40 रनों की जरूरत थी। इसके बाद खुशदिल शाह ने अपना संयम बनाए रखा और दो छक्कों और दो चौकों की मदद से पाकिस्तान को जीत के पार पहुंचाया।
तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मैच शनिवार को होगा। इसके बाद दोनों टीमें दौरे का एकमात्र टी20 मुकाबला खेलेंगी।












Click it and Unblock the Notifications