PAK vs AFG: अफगानिस्तान ने रचा क्रिकेट में अपना नया इतिहास, T20I में पाकिस्तान टीम हुई 'रेस्ट इन पीस'
Afghanistan Cricket Team ने पाकिस्तान को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में पहले टी20 मुकाबले में मात देकर इतिहास रच दिया है। अब वे इस सीरीज को भी जीतने की ओर देखेंगे।

अफगानिस्तान की टीम ने अपने क्रिकेट इतिहास में एक बड़ा माइलस्टोन हासिल करते हुए पहली बार पाकिस्तान को टी20 में धूल चटाई। अफगानिस्तान की टीम शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज खेल रही है जिसका पहला मुकाबला 24 मार्च की शाम शुरू हुआ, जहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उनको अपने नियमित कप्तान बाबर आजम की कमी खली जिनकी जगह पर शादाब खान को इस सीरीज में कप्तान नियुक्त किया बनाया गया है। (Photo- Afghanistan Cricket Twitter)
बाबर आजम, रिजवान के बिना पाकिस्तान बेबस-
पाकिस्तान की टीम इस धीमी पिच पर अफगान गेंदबाजों के खिलाफ इतनी बेबस नजर आई कि वे 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 92 रन ही बना सके। हालत ये रही की 32 गेंदो पर 18 रन बनाने वाले इमाद वसीम टॉप स्कोरर रहे। इसके बाद ओपनिंग बल्लेबाज सईम अयूब के 17 रन आते हैं। अब्दुल्ला सफीक और विकेटकीपर आजम खान अपने खाता को भी नहीं खोल सके। जाहिर है यहां पाकिस्तान की टीम अपने नियमित विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को भी काफी मिस कर रही है।

अफगानिस्तान की टॉप परफॉरमेंस-
लेकिन अफगानिस्तान की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों की तारीफ करनी होगी जिन्होंने दूसरी पारी में बैटिंग करते हुए बिना दिक्कत के 17.5 ओवर मे 4 विकेट के नुकसान पर टारगेट को हासिल करते हुए आराम से मैच जीत लिया। अफगानिस्तान की गेंदबाजी में मुजीब उर रहमान ने शानदार बॉलिंग करते हुए 4 ओवर में केवल 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। फजलहक फारूखी ने भी इतने ही ओवर में केवल 13 रन देकर 2 विकेट लिए। मोहम्मद नबी को 3 ओवर में 2 विकेट मिले। कप्तान राशिद खान ने 4 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट लिया। कुल मिलाकर ये टॉप बॉलिंग परफॉरमेंस साबित हुई।
मोहम्मद नबी ने पूरा अनुभव दिखाया
बल्लेबाजी में विकेटकीपर रहमनुल्लाह गुरबाज ने ओपनिंग में 17 गेंदों पर 16 रन बनाए लेकिन इब्राहिम जरदान (9) और गुलबदीन नायब (0) के एक ही ओवर में सस्ते में आउट होने के बाद जिस तरह से अनुभवी मोहम्मद नबी ने 38 गेंदों में नाबाद 38 रनों की पारी खेली वह मैन विनिंग नॉक साबित हुई। उनके साथ नजीबुल्लाह जरदान 17 रन बनाकर नाबाद लौटे। नबी को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ मैच अवॉर्ड दिया गया। नबी को इस बड़ी सीरीज के लिए टीम में वापस बुलाया गया था और उन्होंने अपने तजुर्बे को पूरी से मैच में झोंक दिया।
राशिद लतीफ ने कहा था- रेस्ट इन पीस
ये वो सीरीज है जिसके लिए पाकिस्तान टीम का जब चुनाव किया गया था तब पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर राशिद लतीफ को बड़ा गुस्सा आया था और उन्होंने इसे 'रेस्ट इन पीस' पाकिस्तान टीम कहा था। उनकी यह प्रतिक्रिया तब आई जब पाकिस्तान क्रिकेट सिलेक्टरों ने बाबर आजम को टीम में नहीं लिया और शादाब खान को कप्तानी सौंप दी। लतीफ के उस बयान के बाद पाकिस्तान को अपने पड़ोसी देश से सीरीज के पहले ही मैच में हार मिल गई।
अब सीरीज भी जीत सकता है अफगानिस्तान-
पाकिस्तान ने आजम के अलावा मोहम्मद रिजवान, शाहीन अफरीदी, फखर जमां और हारिस रऊफ जैसे बड़े खिलाड़ियों को भी रेस्ट देने की बात कहकर बाहर किया है जिसका पूरा फायदा अफगानिस्तान टीम ने उठाते हुए जबरदस्त जीत दर्ज की। अब अफगानिस्तान पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पहली टी20 सीरीज जीतकर इतिहास भी रच सकता है। अगला मुकाबला इसी मैदान पर 26 मार्च को होना है।












Click it and Unblock the Notifications