ODI World Cup खेलने भारत नहीं आएगा पाकिस्तान, बांग्लादेश में चाहता है अपने मैच! क्या है सच?
ODI World Cup 2023 के लिए पाकिस्तान की टीम के भारत में ना खेलकर बांग्लादेश में न्यूट्रल जगह पर मैच कराने की रिपोर्ट्स सामने आई हैं। इस पर आईसीसी सूत्रों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। ये मामला क्या है और सच क्या है?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उन रिपोर्ट्स को नकार दिया है कि पाकिस्तान (Pakistan) इस साल भारत में होने वाले 2023 वर्ल्ड कप (ODI World Cup 2023) में अपने मैच बांग्लादेश में खेलना चाहता है। रिपोर्ट के मुताबिक ऐसा दोनों पड़ोसी देशों के बीच राजनीतिक तनाव के चलते है। लेकिन पीटीआई के मुताबिक आईसीसी ने इससे इंकार किया है कि पाकिस्तान ऐसा करने जा रहा है। इससे पहले बाकि रिपोर्ट्स में बताया गया था आईसीसी के ही अधिकारियों ने खुलासा किया कि हाल में ही में दुबई में हुई बोर्ड मीटिंग के दौरान पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप मैच बांग्लादेश में खेलने की संभावना जताई गई थी।
आईसीसी सूत्रों का क्या है कहना
आईसीसी सूत्रों का कहना है कि वे ये तो नहीं कह सकते कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मौजूद चीफ नजम सेठी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजमुल हसन से अंदरूनी तौर पर कोई बातचीत की होगी या नहीं, लेकिन इतना जरूर काफी हद तक कहा जा सकता है कि ऐसा कोई विचार आधिकारिक तौर पर व्यक्त नहीं किया गया है कि पाकिस्तान बांग्लादेश में अपने वर्ल्ड कप मुकाबले खेलेगा।
जब भारत वीजा दे रहा है तो क्या दिक्कत है?
सूत्र ने यह भी कहा कि अभी किसी भी एंगल से बांग्लादेश वर्ल्ड कप की सह-मेजबानी के दायरे में नहीं है। बता दें ये वर्ल्ड कप भारतीय उपमहाद्वीप में नहीं बल्कि पूरी तरह से भारत में होने जा रहा है। सूत्र ने यह भी कहा कि बीसीसीआई ने जब वीजा मामलों पर पूरी तरह से अपनी गारंटी दी है तो वर्ल्ड कप के लिए टीम के ना आने का सवाल नहीं उठता। आमतौर पर टीमों को आने में तभी दिक्कत होती है जब मेजबान देशों द्वारा उनका वीजा देने में परेशान हो।
रमीज राजा के कार्यकाल से चल रहा है मामला
गौरतलब है कि लंबे समय से रमीज राजा के कार्यकाल के टाइम से ही पीसीबी लगातार ये धमकी दे रहा है कि वे वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएंगे। ये बीसीसीआई के सचिव जय शाह द्वारा एशिया कप को पाकिस्तान से बाहर ले जाने की घोषणा की प्रतिक्रिया के तौर पर कहा गया था। हाल में एशिया कप का हाइब्रिड मॉडल सामने आया है जहां भारत के मैच न्यूट्रल जगह पर कराएं जाएं और एशिया कप पाकिस्तान में ही हो। लेकिन एसीसी ने कहा है कि एशिया कप 2023 न्यूट्रल जगह पर ही कराया जाएगा।
ऐसे में संभावनाएं जताई गई कि कहीं पाकिस्तान ने इसी की प्रतिक्रिया में वर्ल्ड कप में भारत में आने से इंकार तो नहीं कर दिया। लेकिन आईसीसी सूत्रों ने यह संभावना फिलहाल खारिज कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications