NZ vs WI: आंखों में इंफेक्शन, नजर हुई धुंधली? फिर बल्ला लेकर मैदान में उतरा ये खिलाड़ी, जड़ दिया शतक
NZ vs WI, Shai Hope: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के मिडल ऑर्डर बल्लेबाज शाई होप ने शानदार पारी खेलने का काम किया है। अपना दमदार फॉर्म जारी रखते हुए होप ने लगातार दूसरे टेस्ट मैच में शतक जड़ दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में चल रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। जिससे वेस्टइंडीज़ की टीम शुरुआती झटकों से उबरने में कामयाब रही।
न्यूज़ीलैंड ने रखा था 531 रनों का लक्ष्य (NZ vs WI, Shai Hope)
न्यूज़ीलैंड ने वेस्टइंडीज को जीत के लिए 531 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था। इस बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने सिर्फ 55 रन पर अपने 3 अहम विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में शाई होप ने पिच पर मजबूती से पैर जमाए और जस्टिन ग्रीव्स के साथ मिलकर 140 से अधिक रनों की एक दमदार साझेदारी की। होप इस साझेदारी में अधिक आक्रामक थे। उन्होंने सिर्फ 139 गेंदों में अपना चौथा टेस्ट शतक पूरा किया।

आंखों में एलर्जी फिर भी खेलने उतरे
मैच के तीसरे दिन शाई होप को आंखों में एलर्जी के कारण मैदान से बाहर रहना पड़ा था। लेकिन चौथे दिन टीम को मुश्किल में देख बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने कमजोर गेंदों पर शानदार चौके लगाए और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी पारी को आगे बढ़ाया। उनकी यह पारी वेस्टइंडीज के लिए संकटमोचक साबित हुई। शाई होप इस समय शानदार लय में हैं। यह लगातार तीसरी पारी है जब उन्होंने 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है। पिछले टेस्ट में उन्होंने भारत के खिलाफ दिल्ली में दूसरी पारी में 103 रन बनाने का काम किया था।
शाई होप का ऐसा रहा है करियर
शाई होप ने 2015 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक खेले गए 44 मैचों में, उन्होंने 27 से अधिक की औसत से 2,100 से ज़्यादा रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने चार शतक और 6 अर्धशतक लगाने में सफलता हासिल की। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी काफी अच्छा है, जहां उन्होंने 3 टेस्ट में 46 से अधिक की औसत से 200 से ज़्यादा रन बनाए हैं। होप का यह शतक वेस्टइंडीज़ को मैच में बनाए रखने के लिए बेहद अहम है।












Click it and Unblock the Notifications