Nitish Reddy की सचिन-पंत के खास क्लब में एंट्री, मेलबर्न टेस्ट के तीसरे दिन बने कई धांसू रिकॉर्ड
Nitish Reddy: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम से एक बल्लेबाज ने जलवा दिखाया और उसका नाम नितीश कुमार रेड्डी है। नितीश कुमार ने मुश्किल समय में आकर एक धांसू शतक जड़ा और टीम इंडिया की बेहतरीन अंदाज में वापसी भी कराई।
टीम इंडिया ने जब 7 विकेट गंवा दिए थे, उस समय नितीश और वॉशिंगटन सुंदर ने मिलकर धाकड़ बैटिंग की और शतकीय भागीदारी करते हुए स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। नितीश रेड्डी ने अंतिम सेशन में अपना शतक पूरा कर लिया। उनके पिता वहां थे और वह रो पड़े। पहली पारी में भारत का स्कोर 9 विकेट पर 358 रन है। तीसरे दिन की खेल समाप्ति तक नितीश रेड्डी 105 रन बनाकर नाबाद लौटे।

सचिन और पंत के क्लब में Nitish Reddy
ऑस्ट्रेलिया में जाकर शतक के साथ नितीश रेड्डी ने एक अनोखे क्लब में अपना नाम दर्ज करा लिया है। वह ऑस्ट्रेलिया में जाकर सबसे कम उम्र में टेस्ट शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय हैं। सचिन तेंदुलकर ने 18 वर्ष और 256 दिनों की उम्द में ऐसा किया था। ऋषभ पंत ने 21 साल और 92 दिनों में यह किया था। नितीश की उम्र 21 वर्ष और 216 दिन है।
नंबर 8 पर Nitish Reddy का धमाका
ऑस्ट्रेलिया में जाकर अब तक किसी भी भारतीय ने नंबर आठ पर खेलते हुए शतकीय पारी नहीं खेली थी। नितीश रेड्डी ने इस लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया है। वह नंबर आठ पर ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सैकड़ा जमाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं और यह बड़ी उपलब्धि है।
आठवें विकेट के लिए दूसरी बेस्ट भागीदारी
ऑस्ट्रेलिया में भारत की तरफ से आठवें या इससे नीचे खेलते हुए यह दूसरी सबसे बड़ी भागीदारी हुई है। इससे पहले सचिन और हरभजन के बीच सिडनी में 2008 में 129 की साझेदारी हुई थी। नितीश और वॉशिंगटन सुंदर के बीच 127 रनों की साझेदारी देखने को मिली।
नितीश रेड्डी बन गए टॉप स्कोरर
इस शतक के साथ भारत के लिए सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में नितीश कुमार रेड्डी टॉप पर आ गए हैं। उन्होंने यशस्वी जायसवाल (275) को पीछे छोड़ दिया है। नितीश रेड्डी के 284 रन हो गए हैं। पहली बार ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए उन्होंने बल्ले से धमाका किया है।












Click it and Unblock the Notifications