भारत दौरे के लिए न्यूजीलैंड की वनडे टीम का ऐलान, दो दिग्गज खिलाड़ी बाहर, 2 खिलाड़ियों की वापसी
भारत दौरे पर न्यूजीलैंड की वनडे टीम में कुछ बड़े नाम शामिल नहीं हैं। दो पुराने खिलाड़ियों की टीम में वापसी हुई है।

New Zealand Team for India tour: न्यूजीलैंड ने आगामी भारत और पाकिस्तान दौरे के लिए वनडे टीम का ऐलान कर दिया है। कप्तान केन विलियमसन भारत दौरे पर नहीं होंगे। वह पाकिस्तान में खेलने के बाद स्वदेश लौट जाएंगे। भारत और पाकिस्तान के लिए लगभग एक जैसी टीम है। काफी कम बदलाव है। भारत दौरे पर कीवी टीम की कप्तानी टॉम लैथम करेंगे। विलियमसन के अलावा कोच गैरी स्टीड भी टीम के साथ भारत दौरे पर नहीं आएंगे। कीवी टीम भारत में सफेद गेंद प्रारूप में सीरीज खेलेगी।

दो कीवी खिलाड़ियों की टीम में वापसी
केन विलियमसन के अलावा टिम साउदी भी टीम के साथ भारत दौरे पर एकदिवसीय सीरीज में नहीं खेलेंगे। ऐसे में टीम में ईश सोढ़ी और हेनरी निकोलस जैसे खिलाड़ी वापस आए हैं। दोनों की वापसी हुई है। वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण विलियमसन और साउदी को आराम दिया गया है। कीवी टीम में नए खिलाड़ी हेनरी शिपले को भी शामिल किया गया है। टॉम लैथम की टीम के लिए भारत के खिलाफ घरेलू मैदानों पर जीत दर्ज करना आसान कार्य नहीं होगा। हाल ही में भारतीय टीम न्यूजीलैंड में खेलकर आई है। वहां वनडे में कीवी टीम ने जीत दर्ज की थी। टी20 में भारत ने जीत हासिल की थी।

न्यूजीलैंड की वनडे टीम इस प्रकार है
केन विलियमसन (कप्तान- सिर्फ पाकिस्तान में खेलेंगे), टॉम लैथम (कप्तान - भारत में वनडे सीरीज के लिए), फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन (केवल भारत वनडे सीरीज), डेवोन कॉनवे, जैकब डफी (केवल भारत वनडे सीरीज), लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी , एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर, हेनरी शिपली, ईश सोढ़ी, टिम साउदी (केवल पाकिस्तान वनडे)।

न्यूजीलैंड के भारत दौरे का कार्यक्रम
भारत दौरे पर कीवी टीम पहला वनडे 18 जनवरी को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा मैच 21 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा। तीसरा और अंतिम वनडे 24 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद टी20 सीरीज खेली जाएगी। 27 जनवरी को रांची में पहला टी20 खेला जाएगा। दूसरा टी20 29 जनवरी को लखनऊ में खेला जाएगा। अंतिम टी20 मैच 1 फरवरी को अहमदाबाद में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications