मुश्फिकुर रहीम ने रचा इतिहास, विराट कोहली और जो रूट के खास क्लब में बनाई जगह
अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में 5,000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
नई दिल्ली, 18 मई। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में 5,000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे चटगांव टेस्ट की पहली पारी में 68 रन बनाने के साथ उन्होंने ये उपलब्धि हासिल की। पहली पारी में वह शानदार 105 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

मुश्फिकुर रहीम के टेस्ट करियर के आठवां शतक रहा। इसके साथ ही वह विराट कोहली और जो रूट जैसे दिग्गजों के खास क्लब में भी शामिल हो गए हैं। बता दें कि रहीम दुनिया के सिर्फ छठे खिलाड़ी हैं, जिनके नाम टेस्ट और वनडे क्रिकेट में 5-5 हजार रन बनाए हो। बांग्लादेश के लिए किसी भी खिलाड़ी ने अब तक इन दोनों फॉर्मेट में 5-5 हजार रन नहीं बनाए हैं।
शानदार रहा है करियर
रहीम ने बांग्लादेश के लिए 81 टेस्ट मैचों में 36.50 के औसत के साथ 5037 रन बनाए हैं। 149 पारियों में उनके नाम पर 8 शतक और 25 अर्धशतक दर्ज है। वहीं, 233 वनडे में उनके बल्ले से 36 के औसत से 6697 रन देखने को मिले हैं। इस फॉर्मेट में रहीम ने 8 शतक और 41 अर्धशतक लगाए हैं।
शतकीय पारी में लगाए 4 चौके
रहीम ने 270 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने केवल चार चौके लगाए। चौथे विकेट के लिए उन्होंने ओपनर तमीम इकबाल (133) के साथ 201 रन की साझेदारी भी निभाई।
बांग्लादेश ने बनाई 68 रन की बढ़त
पहली पारी में बांग्लादेश की टीम 465 रन पर ऑलआउट हुई। तमीम इकबाल (133) और मुश्फिकुर रहीम (105) के अलावा लिटन दास ने भी 88 रन की बढ़िया पारी खेली। श्रीलंका के लिए कसुन रजिता ने 4 विकेट लिए।
इससे पहले श्रीलंका ने पहली पारी में 397 रन का स्कोर बनाया था। बांग्लादेश ने पहली पारी में 68 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में श्रीलंका ने 2 विकेट के नुकसान पर 39 रन बना लिए हैं। टीम अभी भी बांग्लादेश से 29 रन पीछे हैं और मैच में एक दिन का खेल बचा है।












Click it and Unblock the Notifications