IPL 2024: हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाना मुंबई को कहीं पड़ न जाए भारी, ये 5 कारण बढ़ाएगी टीम की परेशानी
IPL 2024, Hardik Pandya: मुंबई इंडियंस ने सबको हैरान करते हुए हार्दिक पंड्या को आईपीएल 2024 के लिए कप्तान घोषित कर दिया है। रोहित शर्मा की मौजूदगी में हार्दिक पंड्या को टीम का कप्तान बनाए जाने पर लगातार फैंस अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। गुजरात टाइटंस से ऑक्शन से ठीक पहले मुंबई ने हार्दिक पंड्या को 15 करोड रुपये में ट्रेड किया है। हार्दिक पंड्या के मुंबई की टीम के साथ जुड़ने के साथ ही ऐसी चर्चाएं थी कि पंड्या टीम की कप्तानी भी कर सकते हैं।
टीम को हो सकती है परेशानी: हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस को कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हार्दिक पंड्या के कप्तान बनने के बाद से ही लगातार फैंस रोहित शर्मा के लिए आवाज उठा रहे हैं। फैंस का मानना है कि रोहित शर्मा के साथ अन्याय हुआ है। अब उन्हें मुंबई इंडियंस की जगह किसी और टीम के साथ बतौर कप्तान आईपीएल में हिस्सा लेना चाहिए। हार्दिक पंड्या के कप्तान बनने के बाद मुंबई इंडियंस को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

इंजरी: हार्दिक पंड्या गेंद और बल्ले दोनों से ही टीम के लिए अहम खिलाड़ी माने जाते हैं। लेकिन उनके साथ फिटनेस इशू भी रहा है। वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान हार्दिक पंड्या बीच टूर्नामेंट में ही चोटिल होकर बाहर हो गए थे। हार्दिक पंड्या इंजरी प्रोन खिलाड़ी है। मतलब हार्दिक पंड्या के करियर में कई ऐसे मौके आए हैं जब वह चोटिल होने के कारण लंबे समय तक टीम से बाहर रहे हैं। ऐसे में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते समय अगर उन्हें इस तरह की समस्या होती है तो इससे टीम की परेशानी बढ़ सकती है।
खिलाड़ी नाखुश: मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के बीच भी एकता की कमी दिखाई दे रही है। ऐसा लग रहा है मानो रोहित शर्मा के कप्तानी से हटाए जाने से मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी खुश नहीं हैं। हार्दिक पंड्या के कप्तान बनने के बाद सूर्यकुमार यादव ने टूटे दिल की इमोजी पोस्ट कर सोशल मीडिया पर अपना दर्द शेयर किया था। वहीं जसप्रीत बुमराह ने भी कुछ दिन पहले ही मुंबई इंडियंस को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मुंबई के बाकी खिलाड़ी भी टीम मैनेजमेंट के फैसले से खुश नहीं हैं।
फैंस मायूस: रोहित शर्मा आईपीएल में मुंबई के लिए लंबे समय से खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को पांच बार चैंपियन बनाने का भी काम किया है। मुंबई इंडियंस एक पॉपलुर फ्रेंचाइजी है ऐसे में उनके फैंस की तादाद काफी अधिक है। अधिकतर फैंस रोहित शर्मा की वजह से ही मुंबई इंडियंस के फैन बने। मुंबई इंडियंस ने जब रोहित शर्मा को कप्तानी पद से हटाया तो दो दिन के अंदर ही लाखों लोगों ने टीम को अनफॉलो कर दिया। ऐसे में फैंस की सपोर्ट की कमी भी देखी जा सकती है।
पंड्या के बाद कौन: मुंबई को एक सबसे बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है वह है उपकप्तानी का। जाहिर है कि रोहित शर्मा कप्तानी से हटाए जाने के बाद टीम के उप कप्तान नहीं बनेंगे। ऐसे में हार्दिक पंड्या के बाद टीम को एक उपकप्तान भी बनाना होगा क्योंकि हार्दिक पंड्या अगर चोटिल होते हैं तो ऐसी स्थिति में कौन सा खिलाड़ी टीम की कमान संभालेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
ऑलराउंडर की भूमिका: साल 2021 में मुंबई इंडियंस की टीम ने हार्दिक पंड्या को रिलीज किया था। हार्दिक पंड्या को रिलीज करने का सबसे बड़ा कारण उनकी गेंदबाजी नहीं कर पाना था। चोटिल होने के कारण लंबे समय तक हार्दिक पंड्या गेंदबाजी नहीं कर सके थे। ऐसे में अगर मुंबई इंडियंस ने उन्हें वापस अपनी टीम में शामिल किया है तो क्या वह बतौर ऑलराउंडर टीम के लिए उपलब्ध होंगे। अगर हार्दिक पंड्या गेंद और बल्ले दोनों से ही टीम के लिए प्रदर्शन करते हैं तो ऐसे में उनकी फिटनेस पर सबकी नजरे बनी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications