मुजीब उर रहमान को BBL मैच से हटा दिया गया, जानें किस वजह से उठाया गया यह कदम
Mujeeb Ur Rahman: अफगानिस्तान के खिलाड़ी मुजीब उर रहमान बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के तरफ से खेलते हैं लेकिन उनको टूर्नामेंट के बीच में ही टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इसके पीछे भी एक बड़ी वजह सामने आई है। एनओसी को लेकर नियमों के कारण ऐसा हुआ है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से अपने खिलाड़ियों को लीग क्रिकेट में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना होता है। हाल ही में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एनओसी जारी नहीं करने की घोषणा की थी। इसके बाद मुजीब उर रहमान का खेलना मुश्किल था और ऐसा ही हुआ।

तीन खिलाड़ियों को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने विदेशी लीग्स में खेलने से मना किया है और अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं दिया है। मुजीब उर रहमान, नवीन उल हक और फजलहक फारुकी को अनुमति नहीं है। मुजीब को इसी के चलते मेलबर्न रेनेगेड्स ने टीम से बाहर कर दिया।
इन तीनों खिलाड़ियों ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सेंट्रल अनुबंध में नहीं आने की बात कही थी। इसके बाद बोर्ड के कड़े रुख को देखते हुए नवीन और फारुकी ने बात मान ली और अनुबंध के लिए तैयार हो गए लेकिन मुजीब उर रहमान की तरफ से फ़िलहाल कुछ नहीं कहा गया है।
हालांकि मेलबर्न ने मुजीब को अगले मैच से बाहर किया है। मेलबर्न ने कहा कि एनओसी की शर्तों में बदलाव के बाद मुजीब को टीम से बाहर किया गया है। वह मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं हैं। फ़िलहालपूरी तरह से उनको नहीं हटाया गया है। आने वाले समय में इसे लेकर स्थिति साफ़ हो जाएगी।
मुजीब ने 29 दिसम्बर को अपने धाकड़ प्रदर्शन से मेलबर्न रेनेगेड्स को लीग में पहली जीत दिलाई थी। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान कर दिया और 20 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये। यह मुकाबला एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ खेला गया था। अफगानिस्तान की टीम यूएई में टी20 सीरीज खेल रही है और मुजीब बिग बैश लीग में हैं।












Click it and Unblock the Notifications