'अब अगले सीजन धोनी का नहीं खेलना हो गया तय', कप्तानी छोड़ने के फैसले पर हैरान रह गये BCCI के पूर्व चयनकर्ता
नई दिल्ली। क्रिकेट के खेल में धोनी सिर्फ खिताब जीतने, शानदार कप्तानी और बेहतरीन विकेटकीपिंग करने के लिये ही मशहूर नहीं है बल्कि फैन्स को सरप्राइज देकर अचानक ही किसी बड़े डिसीजन का ऐलान कर देते हैं। गुरुवार को भी उन्होंने यही कर के दिखाया और चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। आईपीएल के 15वें सीजन का आगाज होने से महज दो दिन पहले धोनी ने सीएसके की कमान रविंद्र जडेजा को सौंप दी है। धोनी के इस फैसले ने सभी को हैरान कर दिया है और सोशल मीडिया पर इसको लेकर काफी मिले जुले रिएक्शन भी देखने को मिल रहे हैं।

धोनी अपने आईपीएल करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं और एक सच्चे कप्तान की तरह टीम के अगले कप्तान को तैयार कर अलविदा कहने की ओर देख रहे हैं। धोनी ने जिस तरह से भारतीय टीम की कमान को विराट कोहली को सौंपा था कुछ उसी तरह से वो चेन्नई सुपर किंग्स की कमान जडेजा को सौंपना चाह रहे हैं और 15वें सीजन से पहले उन्होंने उसकी शुरुआत भी कर दी है।

कप्तानी छोड़ने के फैसले ने किया हैरान
धोनी के कप्तानी छोड़ने का फैसला सभी के लिये एक सरप्राइज की तरह आया जिसने न सिर्फ फैन्स को बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद को भी हैरान कर दिया। एमएसके प्रसाद ने इस पर बात करते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि धोनी यह फैसला सीजन के अंत तक लेंगे लेकिन उनके इस फैसले ने सभी को हैरान कर दिया है। खासतौर से तब जब उनकी टीम ने धोनी की कप्तानी में पिछले सीजन खिताब जीता था।
सीएनएन न्यूज 18 से बात करते हुए प्रसाद ने कहा,'सच कहूं, तो मैं इस खबर को सुनकर काफी हैरान हो गया हूं। जब से आईपीएल की शुरुआत हुई है हमने धोनी को हमेशा पीले कपड़ों में अपनी टीम की कप्तानी करते हुए देखा है और अगर आप आखिरी सीजन की तरफ देखें तो उन्होंने खिताब जीता है। यह सुनकर काफी हैरानी हुई है कि अब धोनी सीएसके की कमान नहीं संभालेंगे।'

लगा था सीजन के आखिर में धोनी छोड़ेंगे कप्तानी
धोनी ने आईपीएल के इतिहास में बतौर दूसरे सबसे सफल कप्तान के तौर पर अपने कप्तानी करियर को अलविदा कहा है और सीएसके की टीम को 4 खिताब जिताये हैं। उनकी कप्तानी में सीएसके की टीम ने आईपीएल के हर सीजन में प्लेऑफ तक जगह बनायी है, सिवाय आईपीएल 2020 के। धोनी ने 204 आईपीएल मैचों में सीएसके की टीम की कमान संभाली है और 121 मैचों में अपनी टीम को जीत दिलाने का कारनामा किया है।
उन्होंने कहा,'समय के साथ धोनी के इस डिसीजन को सभी को उम्मीद है लेकिन इतनी जल्दी किसी को पता नहीं था। मुझे लगा था कि वो सीजन के अंत में कप्तानी छोड़ने का फैसला करेंगे लेकिन आप नहीं जानते कि धोनी कब क्या फैसला ले सकते हैं। वो अपने इंस्टिंक्ट के हिसाब से फैसले लेते हैं। बाहरी दुनिया के लिये यह फैसला अचानक लिया हो सकता है लेकिन उन्होंने यह फैसला करने से पहले हर एंगल पर सोचा होगा और मैनेजमेंट से बात करने के बाद दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडर को कमान सौंपने का फैसला किया।'

अगले साल नहीं खेलते नजर आयेंगे धोनी
वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भी धोनी के कप्तानी छोड़ने के फैसले पर हैरानी जतायी और दावा किया है कि आईपीएल का अगला सीजन धोनी के लिये आखिरी होने वाला है। अपनी इस बात पर जोर देते हुए उन्होंने इस बात की ओर इशारा किया कि रिटेनंसन को लेकर धोनी बहुत ज्यादा उत्सुक नजर नहीं आ रहे थे, जो दर्शाता है कि वो अगले सीजन शायद ही खेलते नजर आयेंगे।
उन्होंने कहा,'एमएस धोनी ने ऐलान किया है कि वो अब राजा नहीं रहेंगे और बतौर नागरिक नये राजा की सेवा करते नजर आयेंगे। पर सच्चाई यह है कि वो टीम के कप्तान थे और राजा की तरह हमेशा कप्तान रहेंगे। वो सीएसके के राजा है। उनके इस फैसले से यह साफ हो गया है कि वो आने वाले साल में नहीं खेलेंगे। इससे पहले जब सीएसके उन्हें रिटेन करना चाह रही थी तब भी वो रिटेन नहीं होना चाहते थे और नहीं चाहते थे कि फ्रैंचाइजी उन्हें रिटेन करने पर ज्यादा पैसा खर्च करे। बल्कि वो टीम को मजबूत बनाना चाहते थे। वो अगले सीजन नहीं खेलते नजर आयेंगे। इसी वजह से उन्होंने जडेजा को टीम का पहला रिटेनी बनाया।'












Click it and Unblock the Notifications