'मैं हमेशा CSK के लिए आऊंगा', धोनी ने दिया IPL से संन्यास पर बड़ा अपडेट, खुद को बताया 'दुखदायी' कप्तान
IPL 2023 MS Dhoni: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने खुद को दुखदायी कप्तान बताते हुए आईपीएल में अगले सीजन में खेलने की संभावनाओं पर बड़ा अपडेट दिया है।

IPL 2023 in Hindi: मौजूदा जनरेशन के महानतम कप्तानों में एक महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपने एक और आईपीएल खिताब के पास पहुंच चुकी है। धोनी ने चेन्नई की टीम को गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले क्वालीफायर मुकाबले में जिताकर दसवीं बार येलो आर्मी को फाइनल में पहुंचाया है।
इस मैच के बाद धोनी ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान भारतीय कमेंटेटर हर्षा भोगले से काफी बातचीत की। इस दौरान धोनी ने स्वीकार किया कि वह कई बार 'परेशान करने वाले' कप्तान हो सकते हैं क्योंकि वह अपने साथी खिलाड़ियों से बहुत ही ज्यादा फोकस की मांग करते हैं।
दरअसल धोनी लगातार फील्डिंग की पोजिशन को बदलते रहते हैं। धोनी अपनी गट फीलिंग पर काफी यकीन करते हैं यानी अपनी अंदर की आवाज को फॉलो करते हैं और हर बार फील्डिंग को बदलते रहते हैं। धोनी स्वीकार करते हैं कि शायद ऐसा करने से खिलाड़ियों को थोड़ा चिड़चिड़ापन हो जाता हो।
इसलिए उन्होंने हर्षा भोगले से बात करते हुए कहा, "विकेट और परिस्थितियों को देखते हुए आपको लगातार फील्ड में बदलाव करने की जरूरत पड़ती है। मैं आपको थोड़ी झुंझलाहट देने वाला हो सकता हूं, इसी वजह से मैं अपने फील्डरों से कहता रहता हूं कि मुझ पर नजर बनाए रखें। अगर आप कोई कैच ड्रॉप कर देंगे, तो भी मैं कोई रिएक्शन नहीं दूंगा। इसलिए बस मुझ पर अपनी निगाह बनाए रखें।"
बातचीत खत्म होने से पहले फिर धोनी से रिटायरमेंट पर एक बड़ा सवाल पूछा गया और धोनी ने कहा कि, अभी मिनी आईपीएल ऑक्शन में 8 से 9 महीने हैं तो अभी से सिरदर्दी क्या लेनी! मेरे पास सोचने के लिए काफी समय है। नीलामी दिसंबर में है।
हालांकि धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स का पूरा साथ निभाने का वादा किया और कहा, "मैं हमेशा सीएसके के लिए आऊंगा। मैं जनवरी से घर से बाहर हूं, मार्च से प्रैक्टिस कर रहा हूं, तो हम देखेंगे।"
वैसे इस मामले पर भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि इम्पैक्ट प्लेयर का नियम आने से धोनी अभी संन्यास ना लें। इस नियम के तहत धोनी सिर्फ एक पारी में खेलकर भी अपना सीजन पूरा कर सकते हैं।
With impact player rule hopefully this isn’t Dhoni’s last inning at the Chepauk…
— Irfan Pathan (@IrfanPathan) May 23, 2023
धोनी निश्चित तौर पर एक नायाब कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स 10वीं बार फाइनल खेलने जा रही है जो बहुत बड़ी बात है और इस दौरान 2 सीजन में यह टीम प्रतिबंध के चलते आईपीएल में शिरकत भी नहीं कर पाई थी।
धोनी हालांकि यह नहीं मानते कि यह बस 'एक और आईपीएल फाइनल' है। वे मानते हैं कि 10 टीमों के होने से प्रतियोगिता और भी मुश्किल हो गई है। इसलिए यह नहीं कह सकते कि ये सीएसके के लिए बस एक और फाइनल है। बल्कि यह पिछले 2 से अधिक महीने की मेहनत का परिणाम है। खिलाड़ियों ने काफी कैरेक्टर दिखाया है, हर किसी ने योगदान दिया है, मिडिल ऑर्डर को बहुत ज्यादा मौके नहीं मिले लेकिन आज हम जहां हैं हम खुश हैं।
धोनी ने गुजरात की भी तारीफ की और कहा कि, गुजरात एक बहुत अच्छी टीम है। वे बहुत अच्छा चेज करते हैं। ऐसे में हमारे लिए तो टॉस हारना अच्छा था। जडेजा को इन परिस्थितियां में हिट मारना बहुत मुश्किल था और इसके अलावा उन्होंने मोईन अली के साथ जो साझेदारी की, उसने भी काफी अहम काम किया। लो स्कोरिंग मैच में एक-एक रन बहुत मायने रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications