ICC के आगे नहीं चली एक भी शर्त, अब मोहसिन नकवी बोले- मैं किसी की धमकी से नहीं डरता
T20 World Cup 2026, ICC vs Mohsin Naqvi: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर चल रहा तनाव अब अपने चरम पर है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सोमवार (9 फरवरी) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेहद सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी तरह की 'धमकी' से डरने वाले नहीं हैं।
नकवी का बड़ा बयान आया सामने (T20 World Cup 2026, ICC vs Mohsin Naqvi)
हालांकि, खेल जगत के गलियारों में चर्चा है कि पाकिस्तान जल्द ही अपने बहिष्कार के फैसले पर 'यू-टर्न' लेकर मैदान पर उतरने को राजी हो सकता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब नकवी से आईसीसी द्वारा संभावित प्रतिबंधों और मैच बहिष्कार के परिणामों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि न मैं किसी की धमकी से डरता हूं, न ही मेरी सरकार डरती है। आपको फील्ड मार्शल के बारे में पता ही है, यहां कोई समस्या नहीं है।

पाकिस्तान जल्द लेगी फैसला
नकवी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब आईसीसी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि यदि वे भारत के खिलाफ मैच छोड़ते हैं, तो उन्हें भारी वित्तीय दंड और अंतरराष्ट्रीय निलंबन का सामना करना पड़ सकता है। नकवी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे, जो इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेंगे।
सूर्यकुमार यादव का करारा जवाब
एक तरफ जहां पाकिस्तान खेलने या न खेलने को लेकर असमंजस में है। वहीं भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले मुंबई में मीडिया से बात करते हुए सूर्या ने कहा कि हमने खेलने से मना नहीं किया है, उन्होंने किया है। हमारी कोलंबो के लिए फ्लाइट्स बुक हैं। हम पहले मुंबई में खेलेंगे, फिर दिल्ली और फिर वहां से सीधे कोलंबो जाएंगे।
आईसीसी के नियमों के अनुसार, यदि कोई टीम मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरती है, तो विपक्षी टीम (भारत) को 'वॉकओवर' के जरिए 2 अंक दे दिए जाएंगे। इसके अलावा, नेट रन रेट (NRR) के मामले में भी पाकिस्तान को भारी नुकसान होगा। नियमों के तहत, डिफॉल्ट करने वाली टीम को 20 ओवर में 0 रन पर आउट माना जाता है, जिससे उनकी सेमीफाइनल की राह लगभग असंभव हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications