'अंतिम सांस तक भारत के लिए खेलना,' 14 महीने बाद वापसी पर बोलते हुए मोहम्मद शमी हो गए भावुक
Mohammed Shami: भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी लम्बे समय के बाद टीम के लिए खेलने को तैयार हैं। पिछली बार भारतीय टीम के लिए वह एकदिवसीय वर्ल्ड कप के फाइनल में खेले थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उस मैच में भारतीय टीम हार गई थी और करोड़ों फैन्स का सपना टूट गया था।
शमी इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच से वापसी करने के लिए तैयार हैं और उन्होंने अभ्यास सेशन में भी भाग लिया है। प्रैक्टिस सेशन के दौरान शमी ने एक घंटे गेंदबाजी की लेकिन उनके पाँव पर बंधी हुई पट्टी चिंता का विषय कही जा सकती है। शमी ने वापसी को लेकर एक भावुक बयान दिया है।

कोलकाता में एक इवेंट के दौरान शमी ने कहा कि पहली बात तो यह है कि देश के लिए खेलने की भूख कभी समाप्त नहीं होनी चाहिए। भारतीय टीम के लिए खेलने की भूख हमेशा रहनी चाहिए। मेरे अंदर वह भूख है और मैं भारत से खेलने के लिए भूखा हूँ। मैं अपनी अंतिम सांस तक भारत के लिए खेलना चाहता हूँ।
Mohammed Shami को लेकर गांगुली की प्रतिक्रिया
सौरव गांगुली भी उनके साथ मौजूद थे और उनका कहना था कि मैं शमी को रेड बॉल क्रिकेट में देखना चाहता हूँ। वह भारतीय टीम और जसप्रीत बुमराह दोनों के लिए अहम हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिए काफी गेंदबाजी की है। दादा और शमी के अलावा इवेंट में झूलन गोस्वामी और मिताली राज भी मौजूद थीं।
Mohammed Shami की चोट के बाद वापसी
गौरतलब है कि मोहम्मद शमी चोट के कारण 14 माह के लम्बे समय बाद वापस आ रहे हैं। वह पिछले साल एक भी मैच नहीं खेले थे। लगातार शमी को ठीक होने के लिए अलग-अलग प्रक्रियाओं से गुजरते हुए देखा गया। अब वह फिर से दहाड़ मारने के लिए तैयार हैं।
पहला टी20 मुकाबला कोलकाता में होगा
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला 22 जनवरी को खेला जाना है। इस मैच में शमी को अंतिम इलेवन में देखा जा सकता है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत की टीम ईडन गार्डंस में पहली बार खेलेगी।












Click it and Unblock the Notifications