'दुकान वाले पैसे नहीं लेते थे', रिजवान ने बताया भारत पर जीत के बाद उनके लिए सब मुफ्त हो गया था
भारत के खिलाफ एक पारी ने कैसे पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान की जिंदगी बदल दी ये उन्होंने बताया है। पाकिस्तान में उनको रातों-रात अलग नजरिए से देखा जाने लगा। लोग सामान देने के बदले पैसे नहीं लेते थे।

आज मोहम्मद रिजवान को पहचानने वाले लोग उतने ही हैं जितने की बाबर आजम को। रिजवान तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तान टीम का बड़ा चेहरा बन चुके हैं। वे टी20 के सरताज हैं, वनडे और टेस्ट क्रिकेट में बेहतर कर सकते हैं और पाकिस्तान के बेस्ट विकेटकीपर बल्लेबाजों में एक साबित हो सकते हैं। उन्होंने पिछले साल से टी20 में बाबर आजम के साथ जो ओपनिंग जोड़ी बनाई है उसने कई मैचों को जिताया है। वह मैच कौन भूल सकता है जब टी20 वर्ल्ड कप 2021 में इस जोड़ी ने भारत को 10 विकेट से हराने में कामयाबी हासिल की थी।

भारत का आधिपत्य तोड़ दिया था
जी हां, वह जीत आज भी फेमस हैं क्योंकि उसने वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ चला आ रहा भारत का आधिपत्य तोड़ दिया था। वह पहले विकेट के लिए बनाई गई 152 रनों की भागेदारी थी। हालात ये थे कि भारत द्वारा सेट किया गया 151 रनों का स्कोर 13 ओवर में ही हासिल कर लिया गया। उसके बाद से स्थिति बहुत बदली है। एक टीम के तौर पर पाकिस्तान ने इस साल टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भी खेला है। वे पहले एशिया के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन भारत की तरह कोई बड़ी ट्रॉफी फिलहाल उनके हाथ नहीं लग पा रही है।

रिजवान की जिंदगी बदल चुकी है
लेकिन रिजवान की जिंदगी बदल चुकी है और उसके लिए वही पारी जिम्मेदार है। स्काई स्पोर्ट्स के साथ एक इंटरव्यू के दौरान रिजवान ने बताया भारत के खिलाफ उस पारी ने कैसे जीवन को बदलकर रख दिया।
रिजवान ने माइक एथरटन से कहा, "जब हम भारत के खिलाफ जीते थे, उस समय, मुझे लगा था कि यह मेरे लिए केवल एक मैच है। क्योंकि हमने वह गेम आसानी से जीत लिया था। लेकिन जब मैं पाकिस्तान आया तो मुझे एहसास हुआ कि इसका कितना मतलब है। जब भी मैं किसी दुकान पर जाता, वे मुझसे पैसे नहीं लेते। वे कहते, 'तुम जाओ, तुम जाओ। मैं तुमसे पैसे नहीं लूंगा! लोग कहते थे, 'यहां तुम्हारे लिए सब कुछ मुफ़्त है। यह उस मैच के बाद पूरे पाकिस्तान का प्यार है।"

पाकिस्तान टेस्ट टीम का हिस्सा हैं
रिजवान वर्तमान में पाकिस्तान टेस्ट टीम का हिस्सा हैं जो इंग्लैंड के खिलाफ चल रही तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में खेल रही है। लेकिन पाकिस्तान की टीम की भंयकर आलोचना हो रही है क्योंकि अंग्रेजों ने उनको शुरुआती दो टेस्ट मैचों में मात देकर सीरीज पर कब्जा कर लिया है। ये सब इतनी जल्दी हुआ कि पाकिस्तान को अहसास तक नहीं कि बेन स्टोक्स एंड कंपनी ने उसको कैसे चित कर दिया। पहला टेस्ट मैच ड्रा के तौर पर जा रहा था पर वहां इंग्लैंड जीता और ऐसे ही दूसरा लो-स्कोरिंग मुकाबला भी उसी तरह के नतीजे के साथ बहुत जल्द निपट गया।
मुल्तान में खेले गए दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान पर 26 रन की रोमांचक जीत दर्ज की और 'बॉजबॉल' का परचम लहरा दिया।












Click it and Unblock the Notifications