MLC 2025: 24 घंटे में दूसरी बार करिश्मा! चोट के बावजूद हेटमायर ने लगाया जीत का छक्का
MLC 2025 Shimron Hetmyer: आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए बुरी तरह फ्लॉप रहने वाले शिमरोन हेटमायर इन दिनों दमदार फॉर्म में हैं। शिमरोन हेटमायर मेजर लीग क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं। पिछले मैच में आखिरी गेंद पर छक्का जड़ टीम को जीत दिलाने वाले शिमरोन हेटमायर एक बार फिर टीम के लिए मैच विनिंग पारी खेलने में सफल रहे। उन्होंने अंतिम ओवर में छक्का जड़ टीम को जीत दिलाने का काम किया।
चोटिल होने के बावजूद हेटमायर ने दिखाया दम (MLC 2025 Shimron Hetmyer)
चोटिल होने के बावजूद हेटमायर ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सिएटल ऑर्कास को एक और जबरदस्त जीत दिला दी। MLC 2025 में लगातार पांच हार के बाद सिएटल ऑर्कास ने दो दिन में दो मैच जीतकर प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। शनिवार को हेटमायर ने 26 गेंदों में नाबाद 64 रनों की पारी खेलते हुए LA नाइट राइडर्स के खिलाफ 203 रन का बड़ा लक्ष्य एक गेंद बाकी रहते ही चेज कर लिया।

नाइट राइडर्स ने बनाए थे 202 रन
मैच के बाद हेटमायर ने कहा कि थक गया हूं... लेकिन शुक्र है कि हम जीत पाए। हम हर मैच से पहले मैं और मेरी पत्नी प्रार्थना करते हैं। मेरा पैर थोड़ा चिंता का विषय है, लेकिन मैं उसे दिखाऊंगा। इससे पहले LA नाइट राइडर्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन बनाए। एंड्रे रसेल ने 65 रन (39 गेंद) और रोवमैन पॉवेल ने 43 रन (21 गेंद) की नाबाद पारी खेली। रसेल और पॉवेल ने मिलकर अंतिम ओवरों में बड़े शॉट्स लगाते हुए टीम को 200 पार पहुंचाया।
छक्का जड़ मैच किया खत्म
जवाब में सिएटल ऑर्कास की शुरुआत लड़खड़ा गई। ओपनर जोश ब्राउन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद आरोन जोन्स और शायन जहांगीर ने पारी को संभाला। जोन्स ने 38 गेंदों में 73 रन बनाए जबकि जहांगीर ने 43 रन जोड़े। लेकिन बीच के ओवरों में जल्दी-जल्दी विकेट गिरने से मैच फंसा सा लगने लगा। ऐसे में हेटमायर ने कमान संभाली। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अंतिम ओवर में फिर एक बार छक्का जड़कर मैच खत्म कर दिया। उनकी पारी में 4 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
सिएटल ऑर्कास की यह लगातार दूसरी जीत थी और अब वे अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच चुके हैं। हेटमायर की फॉर्म और जज्बा सिएटल ऑर्कास के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। चोट के बावजूद उन्होंने जिस तरह से टीम को जीत दिलाई, वह हर क्रिकेट प्रेमी को रोमांचित कर गया।












Click it and Unblock the Notifications