World Cup ट्रॉफी पर पैर रखने के मामले में Mitchell Marsh ने तोड़ी चुप्पी, बेतुके जवाब से किया हैरान
World Cup Final 2023: ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी मिशेल मार्श आईसीसी वर्ल्ड कप में मिली जीत के बाद जश्न के दौरान विश्व कप ट्रॉफी पर अपना पैर रखने के कारण बड़े विवाद का विषय बन गए थे। ऑस्ट्रेलिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मेजबान भारत को हराकर रिकॉर्ड छठा विश्व कप खिताब जीता था। एक वायरल तस्वीर में मार्श को विश्व कप ट्रॉफी पर पैर रखते हुए देखा गया, मार्श ने अब कहीं जाकर इस विवादास्पद तस्वीर पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
32 वर्षीय खिलाड़ी ने जोर देकर कहा है कि उनका इरादा ट्रॉफी का अनादर करने का नहीं था, जिसने पूरे भारत में हलचल मचा दी थी। मार्श ने एसईएन से बातचीत में बताया कि, 'उस तस्वीर में जाहिर तौर पर किसी तरह का अनादर नहीं था। मैंने इस पर ज्यादा विचार नहीं किया है, मैंने सोशल मीडिया पर बहुत कुछ नहीं देखा है, हालांकि हर कोई मुझसे कहता है कि यह खत्म हो चुका है, और अब इसमें कुछ भी नहीं है।'

मार्श ने टूर्नामेंट में कुल 441 रन बनाए, लेकिन वह ट्रेविस हेड ही थे जिन्होंने फाइनल में अपने मैच विजयी शतक से सुर्खियां बटोरीं। हालांकि, भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया, जिन्होंने एक विश्व कप में सर्वाधिक 765 रन का नया रिकॉर्ड बनाया।
दरअसल, मार्श की यह तस्वीर ऑस्ट्रेलिया द्वारा विश्व कप ट्रॉफी जीतने के कुछ घंटों बाद शेयर की गई थी। फोटो देखने से यह तस्वीर होटल के कमरे की मालूम पड़ती है, जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत के बाद आराम से बैठकर एक-दूसरे से बातचीत कर रही थी।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रही मार्श की आलोचना
एक तरफ जहां वर्ल्ड कप में भारत की हार से पूरे देश के क्रिकेट प्रेमियों में मायूसी छाई हुई थी, वहीं दूसरी ओर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें मार्श अपना गोल्ड मेडल दिखाते समय अपने दोनों पैर ट्रॉफी के ऊपर रखे हुए थे। जैसे ही तस्वीर वायरल हुई, लोगों ने ट्रॉफी के प्रति इस तरह की अपमानजनक हरकत के लिए उनकी जमकर आलोचना करना शुरू कर दी।
ऑस्ट्रेलिया ने छठी बार जीता खिताब
क्रिकेट विश्व कप 2023 फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर अपना छठा खिताब जीता। यह मैच 19 नंवबर को अहमदाबाद में हुआ, जहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी। भारत 240 रन बनाने में सफल रहा, जिसमें विराट कोहली और केएल राहुल ने अर्धशतकों का योगदान दिया। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड ने शानदार पारी खेली और 120 गेंदों पर 137 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया ने 42 गेंद शेष रहते छह विकेट से आसानी से जीत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications