'भूल जाओ कि आप शादीशुदा हो', खराब फॉर्म से उबरने के लिये वॉन ने कोहली को दी अजीबो-गरीब सलाह
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में 59 मैच खेले जा चुके हैं और अब तक प्लेऑफ की रेस से 10 में से 2 टीमें आधिकारिक रूप से बाहर हो चुकी हैं तो वहीं पर गुजरात टाइटंस इकलौती ऐसी टीम है जिसने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की है। इसके चलते बची 3 सीटों के लिये अभी भी 7 टीमों के बीच जंग जारी है। हालांकि सीजन का हर मैच लगभग नॉकआउट गेम बन चुका है जिसमें हारने वाली टीम के लिये प्लेऑफ के रास्ते बंद हो जायेंगे तो वहीं पर जीत हासिल करने वाली प्लेऑफ की ओर बढ़ जायेगी।

इसी रेस में दावेदारी बरकरार रखने के लिये शुक्रवार को पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम सीजन के 60वें मैच में मुंबई के ब्रॉबोर्न स्टेडियम में भिड़ेंगी। जहां आरसीबी की टीम ने अब तक खेले गये 12 मैचों में से 7 में जीत हासिल कर चौथे पायदान पर कब्जा जमा रखा है और प्लेऑफ में आसानी से पहुंचने के लिये उसे बचे हुए दोनों मैचों में जीत हासिल करने की दरकार है, हालांकि एक भी हार उसकी किस्मत को उसके हाथों से लेकर दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर कर देगा क्योंकि उसका नेट रन रेट नेगेटिव में है।
और पढ़ें: Watch: 97 पर ऑलआउट हुई CSK तो युवराज सिंह ने रैना को कर दिया ट्रोल, मिला तगड़ा जवाब

IPL 2022 में खराब रहा है कोहली का प्रदर्शन
वहीं पर पंजाब किंग्स की टीम की बात करें तो उसे 11 मैचों में सिर्फ 5 में जीत मिली है और एक भी मैच में हार उसे प्लेऑफ की रेस से बाहर कर देगा। आरसीबी की टीम ने इस सीजन काफी अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उसके लिये चिंता का सबसे बड़ा विषय उसके पूर्व कप्तान विराट कोहली की फॉर्म है, जिन्होंने इस सीजन खेली गई 12 पारियों में 111.3 की स्ट्राइक रेट और 18 की औसत से सिर्फ 216 रन बनाये हैं। इस दौरान वो 3 बार गोल्डन डक का शिकार हुए हैं तो वहीं पर बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतकीय पारी आई है। इसे देखते हुए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले कोहली को खराब फॉर्म से उबरने के लिये अजीबो-गरीब सलाह दी है।

अगर 10 गेंद खेल गये तो कर सकते हैं फॉर्म में वापसी
क्रिकबज से बात करते हुए माइकल वॉन ने कोहली की फॉर्म पर अपनी राय रखी और कहा कि उम्मीद है कि आरसीबी के नये कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने उन्हें सलाह दी हो कि वो मैदान पर जब पहुंचे तो सबकुछ भूल जायें कि विश्व क्रिकेट में उनका कद कितना बड़ा है और उन्होंने अब तक करियर में क्या कुछ हासिल किया है। वो बस मैदान पर जायें और मैच का आनंद लें। माइकल वॉन का मानना है कि अगर कोहली पहली 10 गेंदों में थोड़ा युवा जोश दिखाते हैं और उनका सामना कर जाते हैं तो वो एक बड़ी पारी खेल सकते हैं। उल्लेखनीय है कि कोहली इस सीजन की 12 में से 7 पारियों में पहली 10 गेंद के अंदर अपना विकेट खोते नजर आये हैं।

शादी से पहले वाले कोहली को याद करें विराट
उन्होंने कहा,'मुझे उम्मीद है कि डुप्लेसिस ने उनसे बात की हो और बताया हो कि वो 10 साल पीछे के कोहली को याद करें, जहां पर उनके नाम कोई प्रोफाइल नहीं थी। आप शादीशुदा नहीं थे और कोई बच्चा भी नहीं था। आप बस मैदान पर जाकर गेंद की पिटाई करते थे और मैच का मजा लेते थे। अपनी उम्र और आपने अब तक क्या किया है उन सबके बारे में भूल जाइये। अगर वो 35 तक पहुंच जाते हैं तो वो बड़ी पारी खेल सकते हैं। यह बस शुरुआत की 10 गेंदे हैं जिस पर वो संघर्ष कर रहे हैं, अगर वो इससे पार पा जायें और मैदान पर थोड़ा सा पुराने दिनों के अंदाज में नजर आयें तो वो बहुत ही खतरनाक होने वाले हैं।'

कोहली से बस ताबड़तोड़ 35 की उम्मीद होनी चाहिये
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान शॉन पोलाक भी इस चर्चा का हिस्सा थे और उनका मानना है कि आरसीबी को कोहली से बस ताबड़तोड़ 35 की उम्मीद करनी चाहिये क्योंकि उनके पास निचले क्रम में बल्लेबाज हैं जो बचा हुआ काम पूरा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा,'विराट कोहली के नजरिये से कहूं तो आपको उन्हें कहना होगा कि आपको मैदान पर जाकर हमें मैच जिताने की जरूरत नहीं है, बस एक छोटा सा निश्चित योगदान देना है। इस बारे में बात करना काफी मुश्किल है लेकिन अगर वो 20 गेंदों में 35 रन बना लेते हैं तो कई मायनों में अपना काम कर रहे हैं। इस सीजन कई ऐसे खिलाड़ी आरसीबी के पास हैं जो काम कर सकते हैं और उन्हें शतक बनाने की जरूरत नहीं है, बस हल्का सा दबाव कम करने की जरूरत है।'












Click it and Unblock the Notifications