कौन बड़ा है- एशेज या भारत-पाकिस्तान मुकाबला? माइकल वॉन ने दिया जवाब
नई दिल्लीः इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज माइकल वॉन को लगता है भारत और पाकिस्तान मुकाबलों के सामने एशेज फीकी है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में भले ही एशेज सबसे ज्यादा लोकप्रिय क्रिकेट टूर्नामेंट हो लेकिन दुनिया में सबसे ज्यादा क्रेज भारत-पाकिस्तान मैचों का रहता है।

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाल में एशेज हुई और यह किसी भी तरह का मजा नहीं दे सकी क्योंकि मामला एकतरफा रहा जहां मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 4-0 से धो दिया। वॉन को लगता है जब कोई प्रतिद्वंदता ही नहीं तो रोमांच कैसा!
इसी बीच आईसीसी ने भी टी20 वर्ल्ड कप 2022 का शेड्यूल रिलीज कर दिया है जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 23 अक्टूबर को रखा गया है।
वॉन का मानना है कि इस मैच में पूरा मजा आने वाला है क्योंकि एशेज के बहुत सारे मैच होने के बावजूद भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंदता ही क्रिकेट में सबसे ज्यादा चर्चित है। वॉन को यह भी लगता है रोहित शर्मा एंड कंपनी के लिए पाकिस्तान को हराना आसान नहीं होगा।
वॉन ने यह सब बातें स्टार स्पोर्ट्स पर की जहां वे कहते हैं, "मुझे लगता है, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी होने के नाते, हम एशेज को विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा खेल मानते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है! भारत बनाम पाकिस्तान सबसे बड़ा खेल है। रोहित शर्मा कप्तान बनने के बाद शायद पहली बार वह वास्तविक दबाव में होंगे। यह एक जबरदस्त मुकाबला होने जा रहा है।"
भारतीय टीम के लिए अब इतिहास का वो हिस्सा भी पीछे छूट गया है जिसमे वे पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपराजेय थे। पाकिस्तान तेजी से उभर रहा है और उनके पास युवा खिलाड़ियों की एक ऐसी फौज तैयार हो रही है जो एक बार फिर से पाकिस्तान को दुनिया के क्रिकेट में ताकत बनाने का दम रखती है। दूसरी और, भारत एक जबरदस्त बदलाव के दौर से गुजर रहा है जहां कोहली युग के प्रभुत्व का पूरी तरह से समापन हो चुका है।
टी 20 विश्व कप 2022 की बात करें तो यहां पर दो राउंड होंगे, पहला क्वालिफिकेशन राउंड और राउंड 1 से चार टीमें सुपर 12 में आगे बढ़ेंगी। ग्रुप बी के विजेता और ग्रुप ए में रनर-अप के साथ भारत, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश को ग्रुप 2 में रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications