IND vs AUS: मेलबर्न टेस्ट की पिच को लेकर आई रिपोर्ट, कहर बरपाने वाले बुमराह अब क्या करेंगे?
IND vs AUS: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुमराह ने अब तक अपनी धाकड़ गेंदबाजी से कहर बरपाने का काम किया है। जसप्रीत बुमराह फ़िलहाल इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके नाम कुल 21 विकेट दर्ज हैं और मेलबर्न में अगला मैच खेला जाएगा।
ब्रिस्बेन में बुमराह ने आकाश दीप के साथ मिलकर बल्ले से भी उचित योगदान दिया था। वह मैच बारिश से ख़ासा प्रभावित रहा था और अंततः ड्रॉ के रूप में समाप्त हो गया था। भारतीय टीम के बल्लेबाज इस सीरीज में पिछले दोनों मैचों में फ्लॉप साबित हुए हैं।

सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है और मेलबर्न टेस्ट मैच के ऊपर नजरें टिकी हैं। मेलबर्न टेस्ट मैच 26 दिसम्बर से शुरू होगा और इसकी पिच को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। मेलबर्न टेस्ट की पिच को लेकर क्यूरेटर की तरफ से संकेत देखकर तेज गेंदबाजों को खुश होना चाहिए।
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार मेलबर्न के क्यूरेटर ने कहा कि हम कभी पर्थ और ब्रिस्बेन की तरह तेज पिच नहीं बनाते हैं लेकिन पिछले कुछ सालों में पेस मैनेज करने में सफल रहे हैं। इससे उत्साह बढ़ जाता है और तेज गेंदबाज यहाँ आकर उत्साहित होते हैं। पिच पर कुछ घास है और अगर आप एक तेज गेंदबाज हो, तो देख सकते हो।
मौसम को लेकर बात की जाए, तो गर्मी की वजह से पिच के बर्ताव के ऊपर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। अगर तापमान कम होता है, तो पिच और तेज हो सकती है। पिच को नमी के साथ छोड़ा जाएगा या नहीं, इस पर पिच क्यूरेटर की तरफ से अभी कुछ नहीं कहा गया।
गौरतलब है कि अब तक खेले गए तीन टेस्ट में पिच तेज रही है। एडिलेड में पिंक बॉल टेस्ट हुआ था। उसमें ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की थी। इससे पहले पर्थ टेस्ट में भारतीय टीम को जीत दर्ज करने का मौका मिला था। ब्रिस्बेन में अधिकांश समय बारिश के कारण बर्बाद हो गया।












Click it and Unblock the Notifications