प्लेन में बैठते ही मयंक अग्रवाल को हुई उल्टी और फिर... जानें अस्पताल में कैसी है स्थिति
Mayank Agarwal: भारतीय खिलाड़ी मयंक अग्रवाल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। उनकी तबियत अचानक खराब हो गई और अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेलने के बाद मयंक अग्रवाल प्लेन पकड़ने के लिए एयरपोर्ट आए थे।
जानकारी सामने आई है कि प्लेन में चढ़ने के बाद मयंक की तबियत अचानक खराब हुई। उनके गले और मुंह में तकलीफ होना बताया गया है। कुछ खबरों में यह भी सामने आया है कि मयंक अग्रवाल को उल्टी हुई है। उनको अगरतला में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ़िलहाल वह ठीक बताये गए हैं।

एएनआई के अनुसार क्रिकेटर मयंक अग्रवाल को उल्टी और बेचैनी महसूस होने के कारण आराम दिया गया है। वह निगरानी में हैं और त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी अस्पताल में हैं। वह रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ अगला मैच नहीं खेलेंगे। बाकी टीम आज रात राजकोट पहुंचेगी।
गौरतलब है कि त्रिपुरा के खिलाफ खेले गए रणजी मुकाबले में मयंक अग्रवाल के बल्ले से रन आये थे वह 51 और 17 रनों की पारी खेलने में सफल रहे थे। दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर उनकी फ्लाईट थी और वह उसमें बैठ गए थे, बाद में उनकी तबियत खराब हुई। मयंक की स्थिति फ़िलहाल ठीक बताई जा रही है।
त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यकारी सचिव बासुदेब चक्रवर्ती ने मामले पर अपडेट देते हुए कहा कि मुझे फोन आया कि मयंक अग्रवाल को आपातकालीन स्थिति में भर्ती कराया गया है। मयंक अग्रवाल ने एक बोतल से पानी समझकर तरल पदार्थ पी लिया। उनको जलन महसूस हुई। अस्पताल पहुंचने पर हमने देखा कि उनका चेहरा सूज गया था और वह बोल नहीं पा रहे थे।
हालांकि बाद में खबरें सामने आई कि मयंक अग्रवाल अब खतरे से बाहर हैं और उनको अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications