अभी भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है RCB, जरूरी है लगातार 5 मैच में जीत और किस्मत का साथ
आरसीबी की टीम ने आखिरकार लगातार छह मैच हारने के बाद जीत दर्ज की है। जबरदस्त फॉर्म में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद को आरसीबी की टीम ने 35 रन से हराकर प्लॉऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
आरसीबी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन का स्कोर खड़ा किया। रजत पाटीदार में 20 गेंदों पर 50 रनों की आतिशी पारी खेली। इस पारी में उन्होंने पांच छक्के और दो चौके लगाए। वहीं विराट कोहली ने 43 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली। जबकि कैमरून ग्रीन ने 20 गेंदों पर 37 रनों की नाबाद पारी खेली।

आरसीबी की ओर से करण शर्मा, स्वप्निल सिंह और कैमरून ग्रीन ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जिसकी बदौलार आरसीबी की टीम ने हैदराबाद को 171 रनों के स्कोर पर रोक लिया। मैच में ट्रैविस हेड सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। हेड के आउट होने के बाद हैदराबाद के बल्लेबाजों को काफी मुसीबत का सामना करना पड़ा।
अंक तालिका की बात करें तो आरसीबी के पास सिर्फ 4 अंक है और वह सबसे नीचे है। हालांकि अंक तालिका में आरसीबी सबसे नीचे हैं लेकिन अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें जिंदा हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें लगातार जीत के साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
प्लेऑफ में पहुंचने के लिए आरसीबी की टीम को सभी 5 मैचों में जीत दर्ज करने की जरूरत है। अगर आरसीबी सभी 5 मैच जीत जाती है तो उसे 14 अंक मिल जाएंगे। आरसीबी को टॉप 4 में पहुंचने के लिए जरूरी है कि राजस्थान, केकेआर और हैदराबाद 16-16 अंक हासिल करें। जबकि बाकी की टीमें 12 अंक से अधिक हासिल ना कर सकें। ऐसी स्थिति में 14 अंकों के साथ आरसीबी टॉप 4 में पहुंच सकती है।
हालांकि यह हो पाना काफी मुश्किल है। राजस्थान रॉयल्स पहले ही 14 अंक पर पहुंच चुकी है। जबकि हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ 10 अंक हासिल कर चुके हैं। बाकी की टीमों की बात करें तो चेन्नई सुपरकिंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस के 8 अंक हैं। लिहाजा चौथे पायदान के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। फिलहाल आरसीबी की टीम इस रेस में पीछे है।
आरसीबी के बाकी के बचे मैचों की बात करें तो हैदराबाद पर जीत के बाद आरसीबी का मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में रविवार को होगा। वहीं दोनों टीमों का एक बार फिर से मुकाबला 4 मई को चिन्नास्वामी मैदान में होगा। इसके बाद 9 मई को पंजाब के खिलाफ मैच होगा, जबकि 12 मई को दिल्ली से आरसीबी का मुकाबला होगा। आखिरी लीग मुकाबला 18 मई को सीएसके के खिलाफ होगा।












Click it and Unblock the Notifications