Maheesh Theekshana: एशिया कप फाइनल से पहले श्रीलंका को लगा तगड़ा झटका, चोट के कारण बाहर हुए महेश थीक्षना
Asia Cup Final 2023, India vs Sri Lanka: एशिया कप का फाइनल मुकाबला भारत बनाम श्रीलंका के बीच 17 सितंबर को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच से श्रीलंकाई टीम को बड़ा झटका लगा है। स्पिनर महेश थीक्षाना को हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण एशिया कप फाइनल से बाहर होना पड़ा है।
दरअसल, पाकिस्तान के खिलाफ सुपर फोर मैच के दौरान थीक्षना की दाहिनी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था। गेंद को बांउड्री पर जाने से रोकने की कोशिश करते समय उन्हें यह चोट ली थी। श्रीलंकाई क्रिकेट ने एक बयान में कहा कि, 'महेश थीक्षाना पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान दाहिनी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण फाइनल के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।'

पाकिस्तान के खिलाफ गेंदबाजी के दौरान उन्हें लड़खड़ाते हुए देखा गया था, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने अपने नौ ओवर का स्पैल पूरा किया। उनकी चोट की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि श्रीलंका के कुछ डगआउट सदस्यों ने मैदान से बाहर जाने में उनकी मदद की थी।
बयान में बताया गया कि चोट के बाद एक स्कैन किया गया, जिसमें मांसपेशियों में चोट की पुष्टि हुई है। श्रीलंका क्रिकेट चयनकर्ताओं ने थीक्षाना की जगह फाइनल के लिए ऑफ स्पिनर सहान अराचिगे को टीम में शामिल किया है। 28 साल के सहान अराचिगे ने श्रीलंका के लिए दो वनडे मैच खेले हैं।
थीक्षाना ने मौजूदा टूर्नामेंट में पांच मैचों में 29.1 की औसत से आठ विकेट लिए हैं। वह नई गेंद से टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हुए। फाइनल से पहले थीक्षाना का चोटिल होना टीम के लिए चिंता का एक गंभीर विषय बन गया है। थीक्षाना की चोट ने विश्व कप 2023 अभियान से पहले श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वे पहले से ही वानिंदु हसरंगा, दुष्मंथा चमीरा, लाहिरू मदुशंका और लाहिरू कुमारा जैसे खिलाड़ियों के बिना खेल रहे हैं।
हालांकि, देखना दिलचस्प होगा कि उनकी जगह टीम में शामिल हुए अराचिगे क्या कुछ कमाल करते हैं। श्रीलंका ने वर्चुअल सेमीफाइनल में आखिरी गेंद पर रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर रविवार के बड़े खिताबी मुकाबले में जगह पक्की की है।












Click it and Unblock the Notifications