श्रीलंका के खिलाफ फाइनल से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, इस दिग्गज की जगह लेंगे वाशिंगटन सुंदर
Asia Cup Final 2023, India vs Sri Lanka: एशिया कप का फाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच 17 सितंबर को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले खबर मिली है कि वाशिंगटन सुंदर को फाइनल के लिए कोलंबो में भारतीय टीम में शामिल किया जाएगा।
उन्हें अक्षर पटेल के कवर के रूप में बुलाया गया है। पटेल को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी के दौरान चोट लग गई थी, जिसके बाद ये फैसला लिया गया है।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को सुपर फोर मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान अक्षर के चोटिल होने के बाद सुंदर भारत की वनडे टीम में शामिल होंगे। टीम इंडिया के ऑफस्पिनर बाएं हाथ से बल्लेबाजी भी करते हैं, हालांकि, फिलहाल वह भारत की 15 सदस्यीय वनडे वर्ल्ड कप टीम में शामिल नहीं हुए, लेकिन वह चीन में एशियाई खेल 2023 अभियान का हिस्सा होंगे।

दरअसल, भारत के एशियाई खेलों के लिए जाने वाली पुरुष क्रिकेट टीम के लिए बेंगलुरु में एक कैंप आयोजित किया गया है जो कि 23 सितंबर तक चलेगा। सुंदर एशिया कप फाइनल के बाद फिर से कैंप में पहुंचेंगे। 23 वर्षीय सुंदर ने आखिरी बार इस साल जनवरी में वनडे मैच खेला था और वह अगस्त में आयरलैंड टी20 सीरीज के लिए भारत की दूसरी पंक्ति की टीम का हिस्सा थे।
इस सीरीज में सुंदर ने दो मैच खेले थे जबकि तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। कुल मिलाकर सुंदर ने अब तक 16 वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने 233 रन बनाए हैं और 16 विकेट अपने नाम किए हैं।
दूसरी ओर अक्षर पटेल ने मौजूदा एशिया कप 2023 के दो मैच खेले हैं और दोनों ही सुपर 4 राउंड में खेले हैं। उन्होंने पहला मैच श्रीलंका के खिलाफ और दूसरा बांग्लादेश के खिलाफ है। श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने बल्ले से बहुमूल्य 26 रन जोड़े, लेकिन गेंद से कुछ खास कमाल नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ गेंद से बेहतर प्रदर्शन किया और 9 ओवरों में 1/47 का आंकड़ा हासिल किया।
उन्होंने नंबर आठ पर बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 42 रन बनाए। टीम इंडिया पहले से ही श्रेयस अय्यर की फिटनेस को लेकर चिंतित है। जिन्होंने पीठ में परेशानी होने के कारण टीम से बाहर होने से पहले अपने दोनों ग्रुप मैच खेले थे। हालांकि शुक्रवार को आई रिपोर्ट में दावा किया गया कि उनमें सुधार दिखा है लेकिन इतना अच्छा नहीं है कि प्लेइंग इलेवन में वापसी की जाए।












Click it and Unblock the Notifications