एलिमिनेटर मुकाबले से पहले बेंगलुरु को डरा रहा है ये रिकॉर्ड, टॉस पर निर्भर होगी अब RCB की किस्मत
कोलकाता, 25 मई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन में बुधवार को टूर्नामेंट का एलिमिनेटर (Eliminator) मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर खेला जाएगा। लीग स्टेज में लखनऊ ने 18 और बेंगलुरु ने 16 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था। आज जो भी टीम जीतेगी वो क्वालिफायर 2 में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी और जो हारेगी उसका सफर टूर्नामेंट में यहीं समाप्त हो जाएगा।
Recommended Video

एलिमिनेटर मैचों में खराब रहा है बेंगलुरु का रिकॉर्ड
एलिमिनेटर मैच से पहले फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का एक बुरा रिकॉर्ड सामने आ रहा है। किस्मत के सहारे अंतिम चार में पहुंची बेंगलुरु, लखनऊ के खिलाफ किस्मत के भरोसे ही नजर आएगी। दरअसल, आरसीबी लगातार तीसरी बार प्लेऑफ का एलिमिनेटर मुकाबला खेल रही है और पिछले दोनों बार टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

हार की हैट्रिक से बचना चाहेगी आरसीबी
आईपीएल 2020 में बेंगलुरु 14 अंकों के साथ एलिमिनेटर में पहुंची थी और टीम का सामना सनराइजर्स हैदराबाद के साथ हुआ था। हैदराबाद ने टॉस जीतकर आरसीबी को पहले बैटिंग के लिए बुलाया। विराट कोहली की कप्तानी वाली बेंगलुरु ने 131/7 का स्कोर खड़ा किया। कैप्टन कोहली सिर्फ 6 रन ही बना सके। सनराइजर्स ने 132 रन का टारगेट आखिरी ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। बेंगलुरु ये मैच 6 विकेट से हार गई।
आईपीएल 2021 में टीम ने 18 अंकों के साथ एलिमिनेटर का टिकट कटाया। इस बार का टीम का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से था। आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 138/7 का स्कोर बनाया। कप्तान कोहली ने 39 रन बनाए। केकेआर ने 139 के टारगेट को आखिरी ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कोलकाता ने बेंगलुरु को 4 विकेट से मात दी।
खास बात ये रही कि ये दोनों ही मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आखिरी ओवर में दो गेंद शेष रहते गंवाए। इस बार टीम एलिमिनेटर की निर्णायक जंग में हर हाल में हार की हैट्रिक से बचना चाहेगी।

टॉस जीतो मैच जीतो
लखनऊ और बेंगलुरु का सामना ईडन गार्डन्स पर होगा। टूर्नामेंट का पहला क्वालिफायर भी इसी मैदान पर खेला गया था और गुजरात टाइटन्स से राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से मात दी। बारिश और खराब आउटफील्ड को ध्यान में रखकर हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर राजस्थान को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। लखनऊ के खिलाफ फाफ डु प्लेसिस भी इसी रणनीति को ध्यान में रखकर टॉस के लिए मैदान पर आएंगे।

प्लेऑफ में आरसीबी का रिकॉर्ड खराब
प्लेऑफ के एलिमिनेटर मैचों में बेंगलुरु का ओवरऑल रिकॉर्ड भी बहुत खराब रहा है। टीम ने एलिमिनेटर में कुल 3 मैच खेले हैं और 2 में हार मिली है। 2015 में आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स को हराया था। टीम 2008 से आईपीएल खेल रही है, लेकिन आज तक ट्रॉफी नहीं जीत सकी है। 2009, 2011 और 2016 में टीम फाइनल में भी पहुंची, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई। इस बार फाफ की कप्तानी में बेंगलुरु जरूर इतिहास रचने के लिए बेताब रहेगी।
यह भी पढ़ें- 'चिपचिपे विकेट और स्विंग' से ज्यादा 'टॉस और भाग्य' ने मारा, RR की हार पर क्या बोले संजू












Click it and Unblock the Notifications