LSG vs PBKS: श्रेयस अय्यर का तूफानी शतक, लखनऊ को हराकर पंजाब किंग्स प्लेऑफ़ की दौड़ में बरकरार
LSG vs PBKS: लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद लखनऊ के बल्लेबाजों ने पंजाब के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही, जब सलामी बल्लेबाज अर्शिन कुलकर्णी बिना खाता खोले अजमतुल्लाह उमरजई का शिकार बने। इसके बाद आए स्टार बल्लेबाज निकोलस पूरन भी मात्र 2 रन बनाकर मार्को यानसेन की गेंद पर बोल्ड हो गए। शुरुआती झटकों के बाद सलामी बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने एक छोर संभाला और शानदार 72 रनों (44 गेंद, 9 चौके, 2 छक्के) की पारी खेलकर टीम को संकट से बाहर निकाला।

मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने आए आयुष बदोनी ने आते ही मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। बदोनी ने महज 18 गेंदों में 238.89 के स्ट्राइक रेट से ताबड़तोड़ 43 रन (5 चौके, 3 छक्के) कूट डाले। कप्तान ऋषभ पंत ने भी 26 रनों का योगदान दिया। अंत में अब्दुल समद ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर लखनऊ को एक मजबूत और फाइटिंग टोटल तक पहुँचाया। अर्जुन तेंदुलकर भी 5 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पंजाब किंग्स के लिए स्पिनर युजवेंद्र चहल ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट चटकाए, जबकि तेज गेंदबाज मार्को जानसन ने भी 2 सफलताएं अपने नाम कीं। इसके अलावा शशांक सिंह और अजमतुल्लाह उमरजई को 1-1 विकेट मिला।
पंजाब की खराब शुरुआत
जवाबी पारी में खेलते हुए पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रियांश आर्य गोल्डन डक पर आउट होकर चले गए। उनके बाद कूपर कॉनली ने कुछ अच्छे शॉट जड़े लेकिन वह 18 के निजी स्कोर पर आउट होकर चले गए। वहां से प्रभसिमरन और श्रेयस अय्यर ने धमाल मचाया।
प्रभसिमरन ने मचाया गदर
प्रभसिमरन को 20 के स्कोर पर पंत ने अर्जुन तेंदुलकर की गेंद पर जीवनदान दिया। इसका फायदा उठाकर उन्होंने फिफ्टी जमा डाली। अय्यर ने भी तेजी से खेलते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई और फिफ्टी जमाई। इन दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी की। इसके बाद प्रभसिमरन 39 गेंदों में 69 के स्कोर पर अर्जुन की गेंद पर पगबाधा आउट हुए।
छक्के से अय्यर का शतक और जीत
हालांकि श्रेयस अय्यर का बल्ला फिफ्टी के बाद और तेज चलने लगा और देखते ही देखते वह 90 का आंकड़ा पार कर गए। उन्होंने छक्के से अपना शतक पूरा करते हुए 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर पंजाब को 7 विकेट से जीत दिलाई। अय्यर ने 51 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए, इसमें 11 चौके और 5 छक्के जड़े। अब पंजाब किंग्स प्लेऑफ़ की दौड़ में बरकरार है। राजस्थान रॉयल्स और केकेआर के मैचों पर चीजें निर्भर करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications