लीजेंड गौतम गंभीर फिर उतरेंगे मैदान पर, इस फ्रेंचाइजी की करेंगे कप्तानी
Legends League Cricket: लीजेंड्स लीग क्रिकेट में फ्रेंचाइजी फ़ॉर्मेट के दूसरे सीजन से पहले इंडिया कैपिटल्स और भीलवाड़ा किंग्स ने खिलाड़ियों को रिटेन करने का ऐलान किया है। ओवरऑल यह तीसरा सीजन है लेकिन फ्रेंचाइजी फ़ॉर्मेट में दूसरी बार भारत के पांच शहरों में मुकाबले खेले जाएँगे।
फ्रेंचाइजी सीजन के लिए 200 खिलाड़ियों का पूल है। मुकाबले रांची, देहरादून, जम्मू, विशाखापट्टनम, सूरत में खेले जाएँगे। फ्रेंचाइजी संस्करण का दूसरा सीजन 18 नवम्बर से शुरू हो जाएगा। यह 9 दिसम्बर तक चलने वाला है। इसमें कुल 19 मुकाबले खेले जाने हैं।

रिटेंशन पॉलिसी के तहत एक टीम अधिकतम तीन खिलाड़ी रिटेन कर सकती है।नई टीम पूल में से तीन खिलाड़ी अपने साथ शामिल कर सकती है। अगर कोई टीम तीन से कम खिलाड़ी रखती है, तो बाकी खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए इंतजार करना होगा। नई टीमों में खिलाड़ी आने के बाद ही बाकी अपने खिलाड़ियों का कोटा पूरा किया जा सकेगा।
पिछले साल खिताबी जीत दर्ज करने वाली इंडिया कैपिटल्स ने अपने कप्तान गौतम गंभीर को टीम में रखा है। उनके अलावा प्रवीण ताम्बे को भी टीम में शामिल किया गया है। भीलवाड़ा किंग्स ने अपने कप्तान इरफ़ान पठान को रिटेन किया है। उन्होंने युसूफ पठान और शेन वॉटसन को भी टीम में रखा है।
ड्राफ्ट के इवेंट को लेकर तारीखों की घोषणा पर काम चल रहा है। पूल में इस बार कुछ बड़े नाम भी देखने को मिल सकते हैं। टूर्नामेंट के कमिश्नर रवि शास्त्री का कहना है कि लीजेंड्स लीग क्रिकेट हर बार बड़ा होता जा रहा है। ज्यादा खिलाड़ी आने के साथ ही हमें फैन्स को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का मजा लेने का मौका देना चाहिए। मैं कहता हूं कि लीजेंड्स इस बार भी धमाल करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications