KL Rahul Poor Form: खराब फॉर्म को 'आम बात' बताकर गौतम गंभीर ने किया केएल राहुल को सपोर्ट
KL Rahul in IND vs AUS Test Series: आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपरजाइंट्स में केएल राहुल के साथ काम करने वाले गौतम गंभीर ने उल्टा इंटरनेशनल क्रिकेट को ही मुश्किल बता दिया है।

KL Rahul Form: केएल राहुल की बैटिंग फॉर्म इन दिनों चर्चा का विषय है क्योंकि प्रभावशाली लोगों का एक बहुत बड़ा वर्ग हमेशा की तरह उनके सपोर्ट में खड़ा है और क्रिकेट के आम फैंस इस बात से परेशान हैं कि कब ये बल्लेबाज टीम से हटेगा और दूसरों को भी मौका मिलेगा। पिछले कुछ समय से बड़े रन बनाने में दिक्कत महसूस कर रहे दाएं हाथ के बल्लेबाज की बैटिंग अब फैंस के लिए असहनीय होती जा रही है और उनकी सबसे बड़ी दिक्कत है कि वे टीम में लगातार कैसे जगह पा रहे हैं। 2022 की शुरुआत के बाद से, वह छह रेड-बॉल मैचों में केवल एक अर्धशतक बनाने में सफल रहे हैं फिर भी उनको फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल पर तरजीह दी गई। राहुल हालांकि थाली में परोस कर दिए मौकों को भी भुनाने में कामयाब नहीं हो रहे हैं। इस वजह से उन्हें भारत के टेस्ट उप-कप्तान की भूमिका से बर्खास्त करके जरूर एक कदम उठाया गया है।

गंभीर ने इंटरनेशनल क्रिकेट को ही मुश्किल बताया
केएल के खराब फॉर्म को पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने जैसे निशाना बनाया वह सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा। प्रसाद ने एक आम फैन की तरह राहुल की जमकर बखिया उधेड़ी जिसके लिए उनकी आलोचना भी हुई। ऐसे में वेंकटेश के साथ जहां खेल के विशुद्ध फैंस थे तो राहुल के साथ आकाश चोपड़ा, सुनील गावस्कर, विक्रम राठौड़, हरभजन सिंह, गौतम गंभीर जैसे पूर्व दिग्गज खड़े नजर आते हैं। राहुल की आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपरजाइंट्स के मेंटर गौतम गंभीर ने अब उनका समर्थन किया है। मजे की बात ये है कि गंभीर वो खिलाड़ी हैं जो किसी को आमतौर पर नहीं बख्शते लेकिन राहुल के साथ वो भी खड़े हैं। उन्होंने यह कहकर राहुल के आलोचकों को आड़े हाथ लिया कि जो कोई भी राहुल के बारे में बात कर रहा है उसे नहीं पता कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कितना कठिन है। उन्होंने मीडिया और पूर्व क्रिकेटरों दोनों से बल्लेबाज को अकेला छोड़ने का अनुरोध किया।

केएल राहुल के लिए हाजिर है फुल सपोर्ट
वेंकटेश प्रसाद ने ये बात भी कही कि पूर्व क्रिकेटर आईपीएल में काम मिलने के लालच में फ्रेंचाजी के कप्तान की आलोचना करने से बचते रहते हैं और अब यहां गंभीर ने एक तरह से राहुल की खराब फॉर्म को 'आम बात' के तौर पर लेने की कोशिश की है।
गंभीर ने स्पोर्ट्स तक को बताया, "जो लोग केएल राहुल के बारे में बात कर रहे हैं उन्हें नहीं पता कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कितना कठिन है। मेरा मानना है कि जब कोई खिलाड़ी प्रदर्शन नहीं कर रहा होता है, तो उसे अच्छा खेलने की तुलना में अधिक सपोर्ट की आवश्यकता होती है। एक खिलाड़ी का नाम बताइए जिसने शुरू से लेकर अंत तक रन बनाए हैं। सभी ने खराब दौर का सामना किया है, और आपको प्रतिभा को सपोर्ट करना चाहिए।"

रोहित को भी तो दिक्कत होती थी
गंभीर ने तो रोहित को भी लपेटे में ले लिया और कहा कि रोहित को भी करियर के शुरुआती समय में रन करने में दिक्कत होती है लेकिन अब उनका प्रदर्शन देखिए। सीरीज के बीच में इस तरह की आलोचना नहीं होनी चाहिए। आप खिलाड़ियों को नहीं बता सकते कि उन्होंने रन नहीं किए क्योंकि वह खुद अपना सबसे बेहतर मूल्यांकन करते हैं। जब रन नहीं बनते तो सबसे ज्यादा परेशान खिलाड़ी ही होते हैं।
हालांकि गंभीर यहां पर इस पक्ष को बड़ी सफाई से गोल कर जाते हैं कि राहुल का करियर आज नहीं बल्कि 8 साल पहले शुरू हुआ है और गंभीर एक ऐसे युवा खिलाड़ी के तौर पर उनका बचाव कर रहे हैं जिसको अभी ही इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने को मिला है और वह यहां उतार-चढ़ाव से गुजर रहा है। वेंकटेश प्रसाद ने अपनी आलोचना में सबसे बड़ी बात यही उठाई है।












Click it and Unblock the Notifications