LSG vs KKR: ऑस्ट्रेलिया को रुलाने वाले गेंदबाज की IPL डेब्यू में निकली हवा, पहला ओवर 10 गेंद में किया पूरा
KKR vs LSG: ऑस्ट्रेलिया में जाकर वेस्टइंडीज के एक गेंदबाज ने तहलका मचाते हुए धांसू गेंदबाजी की थी। पहली ही सीरीज में इस खिलाड़ी ने कंगारुओं को उनके ही घर में जाकर हराने में अहम भूमिका निभाई थी। गाबा टेस्ट मैच में उन्होंने वेस्टइंडीज को जीत दिलाई थी, इस तूफानी गेंदबाज का नाम शमर जोसेफ है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट मैच की दूसरी पारी में जोसेफ ने 7 विकेट लेते हुए कंगारुओं की कमर तोड़ दी थी और विंडीज को 27 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट जीत दिला दी थी। इसके बाद जोसेफ का कद काफी ज्यादा बढ़ गया था। उनको वहां से ही आईपीएल अनुबंध मिला।

जोसेफ 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं और उनकी इसी क्षमता के कारण लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल अनुबंध दिया। आईपीएल में लखनऊ ने शमर जोसेफ को 3 करोड़ रुपये की बड़ी धन राशि के साथ अपने साथ शामिल कर लिया।
केकेआर के खिलाफ रविवार के मैच में जोसेफ को आईपीएल में अपना डेब्यू करने का मौका मिला लेकिन उन्होंने काफी निराश करने वाला काम किया। लखनऊ की तरफ से पारी का पहला ओवर जोसेफ को दिया गया लेकिन वह दिशा से काफी भटक गए।
इस ओवर में शमर जोसेफ ने 2 वाइड फेंकी और 2 बार नो बॉल भी डाली। इस तरह उन्होंने ओवर 10 गेंद में पूरा किया। उनके ओवर में अतिरिक्त को मिलाकर कुल 22 रन आए। आईपीएल में डेब्यू का दबाव शायद वह झेल नहीं पाए थे। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 161 रन का स्कोर बनाया।
अपने गेंदबाज की खराब गेंदबाजी को देखने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल उनके पास आए और कुछ बातचीत की। केएल राहुल को समझ आ गया था कि शमर जोसेफ अतिरिक्त दबाव ले रहे हैं और ज्यादा तेज गेंद फेंकने के प्रयास में दिशा भटक रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications