पोलार्ड ने लगातार 100 मीटर के 4 छक्के जड़े, अफगानिस्तान के गेंदबाज को बनाया निशाना
Kieron Pollard 4 sixes: वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान किरोन पोलार्ड अपने बड़े शॉट्स के लिए जाने जाते हैं। वर्ल्ड के हर कोने में लीग क्रिकेट के दौरान किरोन पोलार्ड का बल्ला जमकर आग उगलता है। गेंदबाजों को उनके सामने मेहनत करनी पड़ती है। इस बार भी पोलार्ड ने कुछ ऐसा ही किया है।
कैरेबियन प्रीमियर लीग में ट्रिनबागो नाइटराइडर्स के लिए खेलते हुए किरोन पोलार्ड ने एक बार फिर से धमाका कर दिया। उनके बल्ले से लगातार चार छक्के देखने को मिले हैं। पोलार्ड ने अफगानिस्तान के युवा खिलाड़ी को निशाना बनाते हुए दनादन शॉट जमाए।

सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ रन चेज करते हुए पोलार्ड ने 19 साल के नवीद को आड़े हाथों लिया। पारी का यह 15वां ओवर था और पोलार्ड के बल्ले से लगातार लम्बे-लम्बे चार छक्के आए। खास बात यह रही कि पोलार्ड के बल्ले से आये हे सभी छक्के 100 मीटर से ज्यादा की दूरी तय कर गए।
किरोन पोलार्ड ने क्रीज पर रहकर अपनी टीम ट्रिनबागो नाइटराइडर्स को जीत दिला दी। वह 16 गेंदों में 37 रन की नाबाद पारी खेलकर लौटे। ट्रिनबागो नाइटराइडर्स ने 17 गेंद शेष रहते ही 179 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले मैच में सेंट लूसिया किंग्स से हार के बाद पोलार्ड की टीम को जीत दर्ज करने का मौका मिला है। लीग में ट्रिनबागो नाइटराइडर्स की पहली जीत है।
पोलार्ड किसी भी गेंदबाज की धुनाई कर सकते हैं और उन्होंने यह करके दिखा दिया। नए गेंदबाज नवीद को कुछ समझ नहीं आया कि गेंद कहां डालनी है। पोलार्ड ने पूरी तरह से हावी होकर धमाकेदार शॉट जड़े। दर्शकों का खासा मनोरंजन हुआ। उनके तूफानी शॉट्स का वीडियो भी सामने आया है। आईपीएल में लम्बे समय तक मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले पोलार्ड के बल्ले से अब भी वही दमखम देखने को मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications