केविन पीटरसन बोले- इस टीम को रोकना मुश्किल है, खोज रहे हैं जीत के तरीके

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में इस बार 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और 4 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ से बाहर है। लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस दो नई टीमें उतरी हैं जो शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। साथ ही राजस्थान राॅयल्स भी खिताब जीतने की दावेदार दिख रही है। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने उस टीम का जिक्र किया जिसे इस बार रोकना मुश्किल लग रहा है।
पीटरसन का मानना है कि गुजरात टाइटंस आईपीएल 2022 में किसी भी टीम को हराने वाली टीम है क्योंकि हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम लगातार जीत के रास्ते खोज रही है। साथ ही पीटरसन ने कहा कि गुजरात के प्रदर्श ने उन्हें राजस्थान रॉयल्स की याद दिला दी जब उन्होंने 2008 में शेन वार्न की कप्तानी में खिताब जीता था। गुजरात टाइटन्स ने जो कुछ भी छुआ है वह सोने में बदल गया है और जब किसी मैच में मुश्किल में फंसे तो कई मैच विजेता सामने आए। गुजरात अभी तक 8 मैचों में 7 मुकाबले जीत चुकी है।
यह भी पढ़ें- 'पता नहीं उसके दिमाग में क्या चल रहा है', कोहली की खराब फाॅर्म पर बोले गांगुली
पीटरसन ने अपने ब्लॉग में बेटवे के लिए लिखा, "अभी तो ऐसा लग रहा है कि गुजरात टाइटंस को आईपीएल में रोकना मुश्किल होने वाला है। हार्दिक की टीम लगातार जीतने के तरीके खोज रहे हैं, चाहे फिर मैच की स्थिति अच्छी या बुरी हो। जब आपके पास जीतने की मानसिकता होती है, तो फिर आपकी लय को तोड़ना बहुत मुश्किल है। मैंने जिस समय पहली बार उनकी टीम को देखा तो मुझे नहीं लगता था कि वे प्वाइंट्स टेबल में टाॅप पर रहेंगे, लेकिन वे टाॅप पर हैं। यह मुझे राजस्थान रॉयल्स की याद दिलाता है जब उन्होंने 2008 में शेन वार्न के तहत खिताब जीता था। उस समय राजस्थान की टीम भी कागज पर सर्वश्रेष्ठ नहीं थी। हर कोई जानता था कि वे क्या कर रहे थे और उनकी एक महान मानसिकता थी।''

पीटरसन ने कहा, "जब आप आसानी से जीत रहे होते हैं, तो ड्रेसिंग रूम में ऊर्जा सकारात्मक होती है। कोई भी हार के बारे में बात नहीं करता है। हर किसी के चेहरे पर खुशी होती है और हर कोई सकारात्मक सोच रख रहा होता है। तब आपको बाहर जाकर खुद को और भी बेहतर व्यक्त करने और खेलने की अनुमति मिलती है।" पीटरसन ने आगे कहा, "उनकी कोई मजबूरी नहीं है। वे बस वही कर रहे हैं जो उनको सही लगता है। राशिद खान को देखें जब उन्होंने उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच पलटा। उनका रवैया साफ था और वह मैच जीतने के लिए तैयार थे।''
पीटरसन ने आगे गुजरात के साथ राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2022 का खिताब जीतने के लिए अपने पसंदीदा के रूप में चुना। पीटरसन ने कहा, "राजस्थान रॉयल्स भी वास्तव में अच्छा खेल रही है, जबकि मुझे उम्मीद है कि दिल्ली कैपिटल्स अपने सभी अनुभव के साथ टाॅप चार में आएगी। खिताब जीतने के लिए ये तीन टीमें मेरी पसंदीदा हैं।"












Click it and Unblock the Notifications