बिना आउट हुए 5 शतक और 664 का औसत, भारतीय खिलाड़ी ने चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए ठोका दावा
प्रिय क्रिकेट, मुझे एक मौका और दो। टीम इंडिया से बाहर होने वाले एक खिलाड़ी ने यही लाइन कभी सोशल मीडिया पर लिखी दी। अपना करियर धांसू अंदाज में शुरू करने वाले इस खिलाड़ी के सितारे गर्दिश में चल रहे थे लेकिन इस बार एक बड़ा धमाका हुआ है।
लम्बे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे करुण नायर ने विजय हजारे ट्रॉफी में अपने बल्ले से धमाल मचा दिया। करुण नायर ने लगातार रन बनाते हुए टीम इंडिया में वापसी के लिए दरवाजा खटखटा दिया। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का संयुक्त रिकॉर्ड बना दिया।

विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 5 शतक जड़े हैं और पाँचों मौकों पर आउट नहीं हुए। इसके अलावा एक बार नाबाद 44 की पारी भी खेली। इस तरह 664 के औसत से उनके बल्ले से 664 रन देखने को मिले हैं। अब उन्होंने टीम इंडिया में वापसी करने के लिए ताल ठोक दी है। उन्होंने बिना आउट हुए क्रमशः 112, 44, 163, 111, 112 और 122 रन बनाए हैं।
Karun Nair की प्रतिक्रिया
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में नायर ने एक्स पर लिखी गई उस लाइन को लेकर बयान दिया और कहा कि जब मैंने वह ट्वीट किया था, तो इमोशनल पल था। छह से सात माह तक मैंने कोई क्रिकेट नहीं खेला। मैंने सिर्फ तीन घंटे ट्रेवल करते हुए नेट सेशन में भाग लिया।
Karun Nair ने किया कठोर अभ्यास
नायर ने कहा कि मुझे किसी भी प्रारूप में खेलने का मौका नहीं मिल रहा था और यह भावुक पल था। मैंने वहां से मूव ऑन किया, जो आसान नहीं था। यह आसान काम नहीं था, मुझे इससे बाहर आने में कुछ महीने लगे और बाद में मैंने प्रैक्टिस शुरू की। मुझे ड्रॉप करने के लिए मैं कोई बहाना नहीं बनाना चाहता। मैंने वापस गेम में आने के लिए कड़ी मेहनत की।
इस समय नायर के आंकड़ों को देखा जाए, तो टीम इंडिया में वापस आने के दावेदार लग रहे हैं। रेड बॉल क्रिकेट में रोहित शर्मा और विराट कोहली की जगह को लेकर अब चीजें साफ़ नहीं है। ऐसे में नायर एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।
टेस्ट क्रिकेट में करुण नायर के नाम तिहरा शतक है। वीरेंदर सहवाग के बाद वह ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय हैं। साल 2016 में नायर ने चेन्नई टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 303 रनों की पारी खेली थी। बाद में उनका बल्ला जवाब दे गया और टीम से बाहर हो गए। 6 टेस्ट में उनके नाम 374 रन है।












Click it and Unblock the Notifications