जो रूट ने इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी से दिया इस्तीफा, सबसे सफल अंग्रेज कप्तान के तौर पर छोड़ा पद
नई दिल्ली, 15 अप्रैल: मुश्किल दौर से गुजर रही इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट टीम को एक और झटका मिला है। जो रूट ने टेस्ट कप्तानी छोड़ दी है। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली टेस्ट हार के बाद खुद को नए पतन की ओर पाया था। एशेज में इंग्लैंड 0-4 से हार गया और वेस्टइंडीज के खिलाफ 0-1 से हार मिली।

जो रूट इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे जिन्होंने 27 टेस्ट मैच जीते हैं। उन्होंने इस दौरान माइकल वॉन, सर एलियस्टर कुक और सर एंड्रयू स्ट्रास को पीछे छोड़ा।
यह भी पढे़ं- 2 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल बड़ा दर्द देते हैं, एक कोच के तौर पर था, दूसरा खिलाड़ी के रूप में: शास्त्री
जो रूट एक बल्लेबाज के तौर पर भले ही बहुत सफल चल रहे थे लेकिन कप्तानी के मोर्चे पर लगातार मिल रही हार ने उनको ये फैसला लेने के लिए प्रेरित किया है। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने जो रूट के हवाले से बताया है, मैंने कैरिबयन टूर से वापस आने के बाद विचार किया और इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। ये काफी चुनौतीपूर्ण फैसला रहा लेकिन अपने परिवार और करीबी लोगों से बात करने के बाद मुझे लगता है यही सही समय है।

रूट ने कहा कि उनको अपने देश की कप्तानी संभालने का गर्व है। रूट को 2017 में इंग्लैंड का कप्तान नियुक्त किया गया था। उन्होंने सर एलेस्टेयर कुक की जगह ली थी। रूट ने इंग्लैंड को कुछ बड़ी जीत दिलाई थी, जिसमें 2018 में भारत पर 4-1 से घरेलू श्रृंखला जीत और 2020 में दक्षिण अफ्रीका से 3-1 की जीत शामिल थी।
2001 के बाद से रूट ऐसे पहले इंग्लैंड कप्तान बने थे जिन्होंने 2018 में श्रीलंका में टेस्ट सीरीज जीतीन। उन्होंने 2021 में श्रीलंका में 2-0 की जीत के साथ फिर से उपलब्धि दोहराई।
रूट पहले से ही केवल कुक के बाद इंग्लैंड के दूसरे सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और कप्तान के रूप में 14 शतक बनाए हैं। कप्तान के रूप में उनके 5,295 रन इंग्लैंड के किसी भी कप्तान द्वारा सबसे अधिक है और उन्हें ग्रीम स्मिथ, एलन बॉर्डर, रिकी पोंटिंग और विराट कोहली के बाद सर्वकालिक सूची में 5 वें स्थान पर रखा गया है।
रूट ने आगे कहा कि, मुझे अपने देश का नेतृत्व करना बहुत पसंद है, लेकिन हाल ही में कप्तानी ने मुझ पर कितना प्रभाव डाला है और खेल से दूर मुझ पर इसका प्रभाव पड़ा है। मैं इंग्लैंड के लिए खेलना जारी रखने के लिए उत्साहित हूं और टीम की सफलता के लिए प्रदर्शन करना चाहता हूं। मैं नए कप्तान की सहायता करने की ओर देख रहा हूं, अपने टीम साथियों और कोचों को जैसी भी संभव हो वैसी मदद करने की ओर देख रहा हूं।
इंग्लैंड की टीम जून में अब न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।












Click it and Unblock the Notifications