जोधपुर में हो सकते हैं राजस्थान रॉयल्स के कुछ IPL मैच, BCCI को लेना है फैसला
बीसीसीआई ने स्टेडियम का निरीक्षण करने के लिए अपनी टीम भेजने का निर्णय लिया है, इसके बाद मामले पर फैसला लिया जाएगा।

IPL Matches in Jodhpur: आईपीएल के आगामी सीजन में एक बार फिर से पुराना फ़ॉर्मेट होगा, इसमें घरेलू और अवे मैच खेले जाएंगे। घरेलू टीमों को आधे मैच अपने मैदान पर खेलने को मिलेंगे। राजस्थान रॉयल्स का घरेलू मैदान जयपुर का एसएमएस स्टेडियम है लेकिन इस बार जोधपुर में भी कुछ मुकाबले आयोजित किये जा सकते हैं। इसके लिए राजस्थान क्रिकेट संघ की तरफ से प्रयास किये जा रहे हैं। बीसीसीआई ने भी इस बारे में जांच करने का निर्णय लिया है। (Photo: Twitter)
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के अधिकारी ने कहा है कि आरसीए ने जोधपुर के स्टेडियम का कायाकल्प किया है और मैचों के लिए मौखिक अनुरोध किया है। आईपीएल के कुछ मैचों के लिए इसे वेन्यू बनाने के लिए कहा गया है। बीसीसीआई की रेकी टीम अपनी रिपोर्ट इस पर सबमिट करेगी, इसके बाद ही बोर्ड इस मामले पर कोई फैसला लेगा।
गवर्निंग काउंसिल को लेना है फैसला
कुछ निश्चित बेसिक सुविधाओं के साथ ही आईपीएल वेन्यू का निर्धारण किया जाता है। खबरों के अनुसार जोधपुर के बरकतुल्लाह खां स्टेडियम की बाउंड्री उस स्तर पर खरा नहीं उतरती है। यही कारण है कि बोर्ड ने वहां एक टीम भेजकर पूरी जानकारी लाने के लिए कहा है। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को यह टीम अपनी रिपोर्ट सौंपेगी और बाद में आरसीए को मैचों के आयोजन को लेकर निर्णय बताया जाएगा।
20 सालों से नहीं हुआ अंतरराष्ट्रीय मैच
गौरतलब है कि रणजी ट्रॉफी के मुकाबले जोधपुर में खेले गए हैं। सालों बाद ऐसा देखने को मिला है। स्टेडियम को फिर से ठीक करवाने के बाद ऐसा हुआ है। रणजी ट्रॉफी से पहले यहां रिटायर क्रिकेटरों की लीग लीजेंड्स लीग क्रिकेट के कुछ मुकाबले भी आयोजित किये गए थे। अंतरराष्ट्रीय मैच की बात की जाए तो यहां 20 साल से कोई मुकाबले नहीं हुआ है। साल 2002 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच जोधपुर में वनडे मैच खेला गया था। उस समय वेस्टइंडीज की टीम को हार का सामना करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications