टी20 विश्व कप के लिए कौन होगा जसप्रीत बुमराह का रिप्लेसमेंट? इन गेंदबाजों का नाम है सबसे आगे
नई दिल्ली, अक्टूबर 03। टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम की उम्मीदों को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह विश्व कप से बाहर हो गए हैं। हालांकि बुमराह के बाहर होने की खबरें कई दिनों से मीडिया की सुर्खियां बनी हुई थीं, लेकिन बीसीसीआई ने इसको लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की थी पर अब बीसीसीआई ने खुद इसका ऐलान कर दिया है कि टी20 विश्व कप में बुमराह टीम का हिस्सा नहीं होंगे और जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान किया जाएगा।

BCCI ने किया आधिकारिक ऐलान
बीसीसीआई की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है, "बोर्ड की मेडिकल टीम ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टी20 विश्व कप की टीम से बाहर कर दिया है। तमाम मूल्यांकन और एक्सपर्ट के परामर्श के बाद यह फैसला लिया गया है। बुमराह को पीठ की चोट के कारण ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही 3 मैचों की टी20 श्रृंखला से बाहर कर दिया गया था। ऐसे में बोर्ड की ओर से जल्द ही बुमराह का रिप्लेसमेंट घोषित किया जाएगा।"

कौन होगा बुमराह का रिप्लेसमेंट
आपको बता दें कि बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर 3-4 तेज गेंदबाजों का नाम सबसे आगे है। इनमें से मोहम्मद सिराज भी एक हैं जो बुमराह की गैरमौजूदगी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किए गए हैं। सिराज के अलावा भी 3 नाम ऐसे हैं, जिन्हें बुमराह के विकल्प के तौर पर ऑस्ट्रेलिया जाने का मौका मिल सकता है।

यह नाम हैं बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर सबसे आगे
बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर और मोहम्मद शमी का नाम सबसे आगे चल रहा है। इनके अलावा उमरान मलिक को भी मौका दिए जाने की उम्मीद है, लेकिन इन सबके बीच मोहम्मद शमी और दीपक चाहर की दावेदारी सबसे ज्यादा मजबूत नजर आ रही है, क्योंकि शमी और दीपक चाहर टी20 वर्ल्ड कप के लिए स्टैंडबाई प्लेयर भी हैं।

शमी और चाहर में से हो सकती है चॉइस
शमी को लगातार टी20 टीम से नजरअंदाज किया जा रहा है। टी20 वर्ल्ड कप की मुख्य टीम में शमी को जगह नहीं दिए जाने से फैंस भी काफी नाराज थे। वहीं दीपक चाहर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की है। इसके अलावा मोहम्मद सिराज का नाम भी रिप्लेसमेंट के तौर पर हो सकता है, क्योंकि सिराज को बुमराह की जगह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया था। ऐसे में इन 3 खिलाड़ियों में से ही किसी एक गेंदबाज को बुमराह का रिप्लेसमेंट घोषित किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications