ऑफिशियल: T20 World Cup से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह, बीसीसीआई जल्द करेगा रिप्लेसमेंट का ऐलान
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर: आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। बैक स्ट्रेस फैक्चर के चलते जसप्रीत बुमराह टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच के बाद उनके टूर्नामेंट से बाहर होने की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और फिर हेड कोच राहुल द्रविड़ ने अपने बयानों में कहा कि अभी तक वह पूरी तरह से बाहर नहीं हुए है, लेकिन अब बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज जारी कर सभी अफवाहों पर से पर्दा उठा दिया है।

जल्द होगा रिप्लेसमेंट का ऐलान
बीसीसीआई जल्द ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट का ऐलान करेगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए बुमराह के चोटिल होने के बाद मोहम्मद सिराज को टीम का हिस्सा बनाया गया था, लेकिन विश्व कप में बुमराह की जगह लेने के लिए सिराज के अलावा अनुभवी पेसर मोहम्मद शमी का नाम भी दावदारों में शामिल है। शमी वर्ल्ड कप के लिए रिजर्व खिलाड़ियों में भी शामिल है। वहीं, दीपक चाहल को भी जसप्रीत के रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा सकता है।

बुमराह पर क्या बोले थे दादा?
बुमराह फिलहाल नेशनल क्रिकेट एकेडमी में है, जहां उनका स्कैन हुआ है। एनसीए में मेडिकल स्टाफ उनकी निगरानी कर रही है। हाल ही में गांगुली ने एक्स्ट्रा टाइम डिजिटल चैनल पर बात करते हुए बताया था कि बुमराह अभी वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुए हैं। लेकिन इस मामले में अंतिम फैसला अगले दो से 3 दिनों में किया जाएगा।
हालांकि, अब वह पूरी तरह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अनुभवी पेसर का टीम से बाहर हो जाना वाकई में चिंता का कारण है।

T20 WC के लिए 15 सदस्यीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।
स्टैंडबाय खिलाड़ी - मो. शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर।












Click it and Unblock the Notifications