BCCI की एक 'गलती' से वर्ल्ड कप खेलना चूक गए जसप्रीत बुमराह! पाक दिग्गज ने उठाया सवाल
नई दिल्ली, 30 सितंबर: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के ऊपर सवाल उठाया है कि उन्होंने जसप्रीत बुमराह को चोट से वापस मैदान में उतारने में कुछ ज्यादा ही जल्दबाजी कर दी। जसप्रीत बुमराह फिर से अपनी कमर की चोट के चलते बाहर हो गए हैं और कम से कम 5 या 6 महीने दोबारा मैदान से बाहर ही रहेंगे। इसका मतलब यह है कि जसप्रीत बुमराह T20 वर्ल्ड कप को बहुत ही आसानी से चूक जाएंगे और इसके बाद वे कुछ महत्वपूर्ण श्रंखलाओं से भी बाहर रहेंगे।
Recommended Video

पाक दिग्गज ने उठाया सवाल
पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने जसप्रीत बुमराह के बाहर होने के बाद यह कमेंट किया है। बुमराह को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही मौजूदा T20 सीरीज के पहले मुकाबले से भी बाहर रखा गया था क्योंकि उन्होंने भारत के प्रैक्टिस सेशन के दौरान कमर में तकलीफ की समस्या बताई थी। जब भारत की टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी तब जसप्रीत बुमराह टीम का हिस्सा थे और फिर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20 इंटरनेशनल सीरीज में टीम इंडिया को ज्वाइन किया।

बुमराह सीधे तौर पर T20 वर्ल्ड कप भी खेल सकते थे
हालांकि वे मोहाली में हुआ पहला मैच चोट से सावधानी के तौर पर नहीं खेले लेकिन अगले दो मैचों में दिखाई दिए। नागपुर में वापसी करते हुए उन्होंने विकेट लिया था लेकिन हैदराबाद में हुए तीसरे मैच में उनको जबरदस्त मार पड़ी थी। कनेरिया ने कहा है कि बुमराह सीधे तौर पर T20 वर्ल्ड कप भी खेल सकते थे और उनको फॉर्म में लाने के लिए प्रैक्टिस मैच खिलाए जा सकते थे।

वह कोई हर्षल पटेल या किसी और बॉलर की तरह नहीं है
दानिश कनेरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, बेहतर होता कि अगर बुमराह T20 वर्ल्ड कप में सीधे वापसी करते। वह रिदम में वापस आने के लिए प्रैक्टिस मैच खेल सकते थे। वह कोई हर्षल पटेल या किसी और बॉलर की तरह नहीं है जिनको लय में आने के लिए बहुत समय की दरकार होती है।
दानिश कनेरिया कहते हैं कि बुमराह चोट से जूझने वाले खिलाड़ी रहे हैं और उनको चोटें लगती रहती हैं। इसके बावजूद वे आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए सभी मैच खेल लेते हैं।

आईपीएल में हमेशा सारे मैच खेले
दानिश ने कहा कि, बुमराह की कमर की चोट फिर से आ गई है। वह चोटिल होने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में हमेशा सारे मैच खेले हैं। बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट को उनकी सही देखभाल करनी चाहिए। उनको पर्याप्त आराम देना चाहिए। अभी यह देखना बाकी है क्या मेडिकल टीम इस बात को लेकर वाकई में निश्चित थी कि बुमराह अब वापसी करने के लिए तैयार थे।












Click it and Unblock the Notifications