IND vs WI: वेस्टइंडीज के सीनियर प्लेयर जेसन होल्डर कोरोना पॉजिटिव, लंबे समय बाद हुई थी वापसी
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 22। भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में वेस्टइंडीज के सीनियर प्लेयर जेसन होल्डर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि होल्डर को टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें आज के मैच में प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, जेसन होल्डर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके कारण उन्हें ना सिर्फ प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया है, बल्कि टीम के अन्य खिलाड़ियों से भी उन्हें दूर किया गया है।

विंडीज के कप्तान ने दी जानकारी
टॉस के वक्त विंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेसन होल्डर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है, जिसके बाद उन्हें टीम के बाकि खिलाड़ियों से अलग रखा गया है। हालांकि अभी इस बारे में कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है कि होल्डर सीरीज के बाकि मैच खेलेंगे या नहीं, क्योंकि अगर उन्हें कोविड से रिकवर होने में ज्यादा समय लगता है तो उनका बाकि मैचों में भी खेलना काफी मुश्किल है।
होल्डर ने की थी विंडीज टीम में वापसी
आपको बता दें कि जेसन होल्डर भारत के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में वापसी कर रहे थे, क्योंकि होल्डर बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने आखिरी वनडे इसी साल फरवरी में भारत के ही खिलाफ खेला था। तभी से वो वनडे टीम से बाहर थे।
जडेजा भी हुए दो वनडे से बाहर
आपको बता दें कि पहले वनडे में एक तरफ जेसन होल्डर विंडीज की टीम से बाहर हो गए हैं तो वहीं टीम इंडिया से रवींद्र जडेजा पहले दो वनडे मैच के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। जडेजा चोटिल हैं, इसलिए वो आज का और अगला मैच नहीं खेल पाएंगे। बीसीसीआई ने इसकी पुष्टि की है। वहीं आखिरी वनडे के लिए जडेजा का टीम में लौटना अभी कंफर्म नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications