WTC Final 2023 से पहले टीम इंडिया की बढ़ी चिंता? IPL क्वालीफायर-2 में चोटिल हुए ईशान किशन
IPL 2023: ईशान किशन को भारत की डब्ल्यूटीसी (WTC-2023) टीम में चोटिल के एल राहुल की जगह पर रिप्लेस किया गया है। इस बीच किशन को अपनी मुंबई इंडियंस टीम के साथी क्रिस जॉर्डन से टकराने के कारण आंख में चोट लगी है।

IPL 2023: आईपीएल 2023 का दूसरा क्वालिफायर मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इस मुकाबले में जीटी ने एमआई को 62 रनों से हराकर फाइनल में एंट्री ले ली है। मुंबई का छठे खिताब को जीतने का सपना तो टूटा ही साथ ही टीम का एक सलामी बल्लेबाज भी चोटिल हो गया।
दरअसल, विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन के चोटिल होने से टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। किशन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। उन्हें टीम में केएल राहुल की जगह बतौर रिप्लेसमेंट शामिल किया गया है। मुंबई इंडियंस टीम के साथी क्रिस जॉर्डन से टकराने के कारण उन्हें ये चोट लगी।
चोटिल होने के बाद बल्लेबाजी करने नहीं आए किशन
चोटिल होने के बाद किशन को मैदान से बाहर जाते समय अपने माथे के बाईं ओर पकड़े देखा गया और जीटी के खिलाफ मुंबई की बल्लेबाजी के दौरान वह टीम के लिए बल्लेबाजी करने भी नहीं आए। हालांकि, उनकी चोट गंभीर है या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। अगर ये चोट गंभीर हुई तब टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
कैमरन ग्रीन भी हुए चोटिल
दूसरी ओर, कैमरन ग्रीन (Cameron Green) मुंबई की पारी के दूसरे ओवर में हार्दिक पंड्या की तेज गेंद पर चोटिल हो गए। उनकी बायीं कोहनी पर गेंद लगी जिससे उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा, हालांकि उन्होंने बाद में वापसी की और 20 गेंदों पर 30 रन बनाए। ग्रीन ऑस्ट्रेलिया के एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। डब्ल्यूटीसी फाइनल 7 जून से लंदन के ओवल में खेला जाएगा।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत (विकेट कीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।












Click it and Unblock the Notifications